Bakhtiyarpur Ganga Accident: बिहार के बख्तियारपुर में सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के मौके पर गंगा स्नान करने पहुंचीं सात लड़कियां नदी में डूब गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार अभी भी लापता हैं। लापता बच्चियों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

हादसा बख्तियारपुर के रानीसराय जहाजी घाट पर हुआ। बताया जा रहा है कि गंगा स्नान के दौरान पहले दो लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए पांच-छह अन्य लड़कियां नदी में उतर गईं। इस दौरान वे भी डूबने लगीं और घाट पर चीख-पुकार मच गई।

घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव की कोशिश की और तीन बच्चियों को नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि चार बच्चियां तेज बहाव में लापता हो गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के जवानों ने नदी में लापता बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है।

तीन सगे भाइयों की चार बेटियां लापता
हादसे ने एक ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि डूबी चार बच्चियों में दो सगी बहनें हैं, जबकि दो चचेरी बहनें हैं। चारों बच्चियां तीन सगे भाइयों की बेटियां बताई जा रही हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बिहार में लगातार सामने आ रहे हादसे
बिहार में बीते दिनों नदी और पानी से जुड़े हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। रविवार को मुजफ्फरपुर में गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि एक बच्चे का इलाज चल रहा है। वहीं पटना सिटी में गंगा स्नान के दौरान तीन लड़के डूब गए थे, जिनकी तलाश की जा रही है।

इसी बीच सोमवार सुबह लखीसराय के अशोक धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बड़ा हादसा हुआ। बिजली का पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई महिलाएं जमीन पर गिर गईं और भीड़ की चपेट में आ गईं। हादसे में अब तक सात श्रद्धालुओं की मौत और 19 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटा है। 

और पढ़ें: लखीसराय अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, प्रशासन ने शुरू की जांच

Written by Shailesh Yadav