Bahraich News: बहराइच जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। सऊदी अरब में पति और 18 वर्षीय बेटे को छोड़कर प्रेमी के साथ भारत आई 40 वर्षीय महिला ने रिश्ते में धोखा मिलने के बाद अपनी छह महीने की मासूम बेटी के साथ जान देने की कोशिश की। महिला बच्ची को गोद में लेकर जरवलरोड रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन के सामने कूदने की कोशिश की। हालांकि, प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ महिलाओं की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने समय रहते महिला और बच्ची को बचा लिया। घटना के बाद महिला ने अपनी पूरी कहानी बताई तो वहां मौजूद लोगों के सामने रिश्ते और धोखे की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई।

सऊदी में हुई थी प्रेमी से मुलाकात
बताया जा रहा है कि तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली शबाना की शादी सऊदी अरब में एक शेख से हुई थी। उसका 18 वर्षीय बेटा सैफ भी उसके साथ रहता था। सऊदी अरब में शेख के यहां नौकरी करने वाले उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के जरवलरोड थाना क्षेत्र के खिदरापुर निवासी नदीम से उसकी मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर यह रिश्ता कथित तौर पर प्रेम में बदल गया। महिला ने प्रेमी पर भरोसा करते हुए करीब 10 महीने पहले पति और बेटे को छोड़ दिया और नदीम के साथ उसके गांव खिदरापुर आ गई।

भारत आने के बाद सामने आया चौंकाने वाला सच
भारत पहुंचने के बाद शबाना को कथित तौर पर पता चला कि जिस नदीम के लिए उसने अपना परिवार और पुरानी जिंदगी छोड़ दी, वह पहले से ही उज्मा नाम की महिला से शादीशुदा है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और तनाव बढ़ने लगा। शनिवार शाम करीब सात बजे भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इससे आहत होकर शबाना अपनी छह महीने की बच्ची को लेकर जरवलरोड रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वह बच्ची को गोद में लेकर ट्रेन के सामने कूदने की कोशिश करने ही वाली थी कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ महिलाओं ने उसे देख लिया।

महिलाओं की सजगता से बची दो जिंदगियां
महिलाओं ने दौड़कर शबाना को पकड़ लिया और उसे बच्ची समेत रेलवे ट्रैक से दूर किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस महिला और उसकी मासूम बेटी को सुरक्षित थाने ले गई। कुछ पलों की सजगता से महिला और बच्ची दोनों की जान बच गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच
जरवलरोड थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, महिला और उसकी बच्ची सुरक्षित हैं। महिला को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। महिला के कथित प्रेमी नदीम को भी बुलाया जा रहा है, ताकि उससे पूछताछ कर घटना और पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सके। 

और पढ़ें: 
लखनऊ में ईगल पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों से मचा हड़कंप; डेढ़ घंटे में पाया काबू

Written by Shailesh Yadav