इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है। रिलीज के महज दो दिनों में फिल्म ने 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छा खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। खासकर फिल्म के गानों और इमरान हाशमी के रोमांटिक-एक्शन अंदाज को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
दूसरे दिन कितनी हुई कमाई?
शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के दूसरे दिन भारत में करीब 33.75 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 40.50 करोड़ रुपये रहा। दूसरे दिन फिल्म को 10,496 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 55 प्रतिशत दर्ज की गई। दो दिनों का कुल नेट कलेक्शन लगभग 55.75 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 66.90 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दुनियाभर के आंकड़ों की बात करें तो ‘आवारापन 2’ ने अब तक लगभग 72.90 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। इसमें ओवरसीज मार्केट से करीब 6 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
फिल्म में कौन-कौन आया नजर?
‘आवारापन 2’ रोमांस और एडवेंचर से भरपूर फिल्म है। इसमें इमरान हाशमी और दिशा पाटनी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी भी अहम किरदार में दिखाई देती हैं। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और सिनेमेटोग्राफी की जिम्मेदारी विष्णु राव ने संभाली है। फिल्म को विशेष भट्ट ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ का सीक्वल है। पहला पार्ट सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया था, लेकिन समय के साथ फिल्म और उसके गानों ने दर्शकों के बीच खास जगह बना ली।
इमरान हाशमी के अंदाज पर फिदा फैंस
इमरान हाशमी लंबे वक्त बाद एक ऐसे किरदार में नजर आए हैं, जिसमें उनका रोमांटिक और एक्शन अवतार दोनों देखने को मिल रहे हैं। दर्शकों की प्रतिक्रिया से साफ है कि उनका यह अंदाज फैंस को पसंद आ रहा है। फिल्म की चर्चा में इसके म्यूजिक और कलाकारों की परफॉर्मेंस भी अहम भूमिका निभा रही है। फिल्म की फीमेल लीड को लेकर रिलीज से पहले कई तरह की खबरें सामने आई थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मानुषी छिल्लर को इस भूमिका के लिए विचार किया जा रहा है, लेकिन शेड्यूलिंग से जुड़ी दिक्कतों के चलते वह प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सकीं। बाद में ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आईं कि उन्हें इस रोल के लिए आधिकारिक तौर पर न तो अप्रोच किया गया था और न ही कंसीडर किया गया।
पूरन गब्बी भी चर्चा में
‘आवारापन 2’ में अनिरुद्ध रावल के अलावा पूरन गब्बी भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में वह विलेन का किरदार निभा रहे हैं और उनके काम की भी चर्चा हो रही है। पूरन गब्बी अभिनेता होने के साथ-साथ म्यूजिशियन भी हैं। वह बॉलीवुड अभिनेत्री वामिका गब्बी के छोटे भाई हैं। फिल्म में उनके किरदार ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कुल मिलाकर बात करें तो रिलीज के शुरुआती दो दिनों में ‘आवारापन 2’ की कमाई ने फिल्म के मेकर्स को बड़ी राहत दी है। अब निगाहें इसके आने वाले दिनों के कलेक्शन पर हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आगे कितनी बड़ी छलांग लगाती है।
ये भी पढ़ें- सालों बाद स्क्रीन पर लौटीं प्रीति जिंटा, कहा- कमबैक मुश्किल होता...
Written By Toshi Shah