Sheikh Hamad Bin Khalifa Al Thani Dies Age 74: कतर के पूर्व अमीर (शासक) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार सुबह 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि कतर की सरकारी मीडिया द्वारा किया गया। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। सरकारी बयान में गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा गया कि अल्लाह के फैसले को स्वीकार करते हुए पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन की सूचना दी जा रही है और उनके लिए जन्नत की दुआ की गई है। 

शेख हमद को माना जाता है सबसे प्रभावशाली नेता 

शेख हमद को आधुनिक कतर की नींव रखने वाला सबसे प्रभावशाली नेता माना जाता है। उनके नेतृत्व में कतर ने आर्थिक, राजनीतिक, कूटनीतिक और खेल जगत में अभूतपूर्व प्रगति की और दुनिया के सबसे समृद्ध देशों में अपनी पहचान बनाई।

बिना खून-खराबे के संभाली देश की सत्ता

शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने वर्ष 1995 में अपने पिता शेख खलीफा बिन हमद अल थानी की जगह देश की सत्ता संभाली। यह सत्ता परिवर्तन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी प्रकार का हिंसक संघर्ष नहीं हुआ। लगभग 18 वर्षों तक कतर का नेतृत्व करने के बाद उन्होंने वर्ष 2013 में स्वेच्छा से अपने बेटे और वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सत्ता सौंप दी। अरब देशों में सत्ता का इस तरह शांतिपूर्ण हस्तांतरण एक दुर्लभ उदाहरण माना जाता है।

गैस संपदा को बनाया देश की सबसे बड़ी ताकत

इंग्लैंड की प्रतिष्ठित रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से सैन्य शिक्षा प्राप्त करने वाले शेख हमद ने कतर की प्राकृतिक गैस संपदा का दूरदर्शी तरीके से विकास किया। उनके कार्यकाल में 'नॉर्थ फील्ड' गैस भंडार का बड़े पैमाने पर दोहन शुरू हुआ, जिसने कतर की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल दी। इसी रणनीति के चलते कतर दुनिया का सबसे बड़ा लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) निर्यातक बना। गैस निर्यात से हुई भारी आय ने देश के नागरिकों का जीवन स्तर ऊंचा किया और प्रति व्यक्ति आय के मामले में कतर दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया।

अल जजीरा के जरिए बदली वैश्विक मीडिया की तस्वीर

वर्ष 1996 में शेख हमद ने 'अल जजीरा' न्यूज नेटवर्क की स्थापना कर मीडिया क्षेत्र में भी नई क्रांति की शुरुआत की। कुछ ही वर्षों में अल जजीरा दुनिया के सबसे प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय समाचार नेटवर्क में शामिल हो गया। इस मंच ने मध्य पूर्व की खबरों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

वैश्विक निवेश के जरिए बढ़ाई कतर की आर्थिक ताकत

शेख हमद के नेतृत्व में कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) ने दुनिया भर में बड़े पैमाने पर निवेश किए। ब्रिटेन के प्रतिष्ठित हैरॉड्स डिपार्टमेंट स्टोर से लेकर फ्रांस के प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) तक, कई वैश्विक संपत्तियां कतर के निवेश पोर्टफोलियो का हिस्सा बनीं। इन निवेशों ने कतर को वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खेल और कूटनीति में भी छोड़ी अमिट छाप

शेख हमद ने खेलों को भी राष्ट्रीय विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया। उनके शासनकाल में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए बुनियादी ढांचे का विकास शुरू हुआ। इसी दूरदर्शी योजना का परिणाम था कि वर्ष 2022 में कतर ने सफलतापूर्वक फीफा फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी कर इतिहास रच दिया। यह पहली बार था जब किसी अरब देश ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया।

विदेश नीति के क्षेत्र में कतर को वैश्विक मध्यस्थ के रूप में स्थापित किया

विदेश नीति के क्षेत्र में भी शेख हमद ने कतर को वैश्विक मध्यस्थ के रूप में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में कतर ने कई अंतरराष्ट्रीय विवादों में संवाद और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की भूमिका निभाई। विशेष रूप से अमेरिका और ईरान के बीच संतुलित संबंध बनाए रखने में कतर की भूमिका आज भी बेहद अहम मानी जाती है। दोनों देशों के साथ मजबूत संबंधों के कारण कतर पश्चिम एशिया की कूटनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।

 Written By: Geeta Sharma