अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के फिलाडेल्फिया शहर से एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां भारतीय मूल के 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।अंशुल पिज्जा डिलीवरी के लिए गए थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना ने भारतीय समुदाय के साथ-साथ उनके परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
उत्तरी फिलाडेल्फिया के रेमंड रोसेन होम्स इलाके में हुई घटना
एक रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात उत्तरी फिलाडेल्फिया के रेमंड रोसेन होम्स इलाके में हुई। बताया गया है कि किसी ने एक खाली मकान पर पिज्जा का ऑर्डर दिया था। अंशुल ऑर्डर लेकर निर्धारित स्थान पर पहुंचे और डिलीवरी पूरी करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान उन पर गोलीबारी की गई। गंभीर रूप से घायल अंशुल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंशुल को पहले से थी निशाना बनाने की तैयारी!
फिलाडेल्फिया हाउसिंग अथॉरिटी के सुरक्षा कैमरों में कैद फुटेज में अंशुल पिज्जा लेकर जाते दिखाई देते हैं। उनके पीछे 2 संदिग्ध व्यक्ति भी नजर आए, जिन्होंने गहरे रंग के कपड़े पहन रखे थे और उनके पास एक बैग था। पुलिस को आशंका है कि पूरी घटना पूर्व नियोजित हो सकती है और अंशुल को निशाना बनाने के लिए जाल बिछाया गया था।
भारत के तेलंगाना राज्य से थे अंशुल कुंचा
अंशुल कुंचा मूल रूप से भारत के तेलंगाना राज्य से थे। उन्होंने हैदराबाद स्थित चैतन्य भारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की थी। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जहां उन्होंने बिजनेस एनालिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2024 में स्नातक हुए। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पेंसिल्वेनिया स्थित डेटाबैंक आईएमएक्स में डेटा वैलिडेशन एनालिस्ट के रूप में कार्यरत थे। अतिरिक्त आय के लिए वे सप्ताहांत में पिज्जा डिलीवरी का पार्ट-टाइम काम भी करते थे।
अंशुल की मौत पर भारतीय वाणिज्य दूतावास ने व्यक्त किया दुख
अंशुल की मौत पर न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि वह परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। वहीं, अंशुल की बहन तन्वी ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। उन्होंने बताया कि अंशुल को सिर में कई गोलियां मारी गईं और उनका शव सड़क पर छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Written By: Geeta Sharma