भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों अपने नए रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' को लेकर सुर्खियों में हैं। शो में उनके साथ भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेत्री काजल राघवानी, अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और राजनेता तेज प्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं। शो के कई मजेदार वीडियो और क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते रहते हैं। हालिया एपिसोड में आम्रपाली दुबे ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसे सुनकर पवन सिंह के साथ-साथ निरहुआ के फैंस भी हैरान रह गए।
पवन सिंह को शादी का ऑफर
दरअसल, शो के दौरान आम्रपाली दुबे और पवन सिंह के बीच शादी और परिवार को लेकर मजेदार बातचीत होती है। इसी दौरान आम्रपाली ने मजाकिया अंदाज में पवन सिंह के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक बच्चे को अकेले पालना मुश्किल है, तो क्यों न दोनों शादी कर लें और मिलकर बच्चे की परवरिश करें।
आम्रपाली की यह बात सुनकर कुछ पल के लिए माहौल शांत हो गया, लेकिन बाद में दोनों हंसने लगे। साफ था कि अभिनेत्री यह बात मजाकिया अंदाज में कह रही थीं, लेकिन उनकी बात ने शो का माहौल जरूर दिलचस्प बना दिया।
पवन सिंह ने दिया दिलचस्प जवाब
आम्रपाली के प्रस्ताव पर पवन सिंह ने भी मजेदार लेकिन गंभीर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे के आने के बाद जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और सवाल किया कि क्या आम्रपाली उसके बाद भी अपने मौजूदा काम को उसी तरह जारी रख पाएंगी। इस पर आम्रपाली ने जवाब दिया कि वह चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर ही काम करेंगी।
पवन सिंह ने उनकी लोकप्रियता की तारीफ करते हुए कहा कि आज वह इंडस्ट्री की सुपरस्टार हैं और जहां चाहें, वहां शूटिंग कर सकती हैं। दोनों के बीच हुई यह बातचीत दर्शकों को काफी पसंद आई।
आम्रपाली ने पूछा अकेलेपन का सवाल
बातचीत आगे बढ़ी तो आम्रपाली दुबे का अंदाज कुछ गंभीर हो गया। उन्होंने पवन सिंह से पूछा कि इतने लोगों की मदद करने वाले और इतने प्यारे इंसान होने के बावजूद वह अकेलेपन को कैसे महसूस करते हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि पवन सिंह किसी बच्चे को गोद लेकर अपना परिवार क्यों नहीं बसा लेते।
इस पर पवन सिंह ने स्वीकार किया कि उन्हें भी जीवन में कमी और अकेलापन महसूस होता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी मां उनके लिए दुनिया की सबसे बड़ी संपत्ति हैं। पवन सिंह के मुताबिक, उनकी मां भी चाहती हैं कि उनकी जिंदगी में दोबारा खुशियां आएं और उनका अपना परिवार बसे।
मां के लिए पवन सिंह का खास लगाव
'भोजपुरी बवाल' के एक अन्य एपिसोड में भी पवन सिंह का अपनी मां के प्रति गहरा लगाव देखने को मिला। मां की सेवा करते हुए वह भावुक नजर आए और कहा कि अगर उनकी मां को कुछ हो गया तो उनके लिए यह बेहद बड़ा सदमा होगा। उनकी मां ने भी बेटे की आंखों में आंसू देखकर उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने और अपनी नई दुनिया बसाने की सलाह दी।
ये भी पढ़ें: Content Creation में है फिल्मों से ज्यादा पैसा? रणवीर अल्लाहबादिया का बड़ा दावा
क्यों खास है 'भोजपुरी बवाल'?
'भोजपुरी बवाल' भोजपुरी मनोरंजन जगत का चर्चित रियलिटी शो बनकर सामने आया है। इसमें इंडस्ट्री के कई लोकप्रिय चेहरों को एक साथ देखने का मौका मिल रहा है। आम्रपाली दुबे और पवन सिंह की यह बातचीत भी इसी वजह से चर्चा में आ गई है। शो के कंटेंट, कलाकारों की मस्ती और उनके बीच होने वाली दिलचस्प बातचीत के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।
Written By: Geeta Sharma