अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि यदि ईरान उनकी हत्या करवाने में सफल होता है, तो अमेरिका ऐसा सैन्य जवाब देगा जिसकी तेहरान ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका की प्रतिक्रिया इतनी व्यापक होगी कि ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

ईरान कई वर्षों मरने की कर रहा है कोशिश- ट्रंप

न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान कई वर्षों से उन्हें निशाना बनाने की कोशिश करता रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसी कोई नई खुफिया जानकारी नहीं मिली है, जो उनकी हत्या की किसी ताजा साजिश की पुष्टि करती हो। उनके अनुसार खतरा नया नहीं है, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अमेरिका और ईरान के तनाव के बीच आया बयान

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है, उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इस पर सहमत हो गया है, साथ ही उन्होंने कहा कि पहले लागू युद्धविराम अब प्रभावी नहीं रहा और मौजूदा परिस्थितियां पहले जैसी नहीं हैं।

ईरान ने बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई- ट्रंप

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि ईरान ने बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई है, उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया, लेकिन ईरान को स्पष्ट कर दिया गया कि युद्धविराम की स्थिति समाप्त हो चुकी है।

हॉर्मुज है दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव का कारण

दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की प्रमुख वजह हॉर्मुज जलडमरूमध्य में हाल में हुई घटनाओं को माना जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, वहां से गुजर रहे व्यावसायिक जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर कार्रवाई की। इन हमलों में सैन्य ढांचे और अन्य परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचा। इसके जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी हितों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे पूरे मध्य-पूर्व में तनाव और बढ़ गया।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने ईरान पर लगाया आरोप

इस बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आरोप लगाया कि ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों पर हमले कर हालिया समझौते का उल्लंघन किया है, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समुद्री यातायात में दोबारा बाधा डालने की कोशिश हुई, तो अमेरिका पहले से अधिक सख्त सैन्य कार्रवाई करेगा।

 

 

Written By Toshi Shah