रायपुर। सावन के पवित्र महीने में सोमवार को अमरकंटक की वादियां ‘हर हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘नर्मदा मैया की जय’ के जयकारों से गूंज उठीं। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा शुरू की।
यात्रा की शुरुआत नर्मदा नदी से जल भरने के बाद हुई। मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करने के बाद विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ उठाई और श्रद्धालुओं के साथ भोरमदेव मंदिर के लिए रवाना हुईं।
इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी शामिल हुईं। कंधे पर कांवड़ लेकर कठिन रास्तों पर चल रहीं महिला श्रद्धालु इस यात्रा का खास आकर्षण रहीं।
यात्रा 10 अगस्त से शुरू होकर 16 अगस्त को समाप्त होगी
यह इस यात्रा का दूसरा वर्ष है। यात्रा 10 अगस्त से शुरू होकर 16 अगस्त को समाप्त होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को घने जंगलों, पहाड़ी और पथरीले रास्तों के साथ-साथ प्राकृतिक जलधाराओं को पार करना होगा।
पंडरिया और छत्तीसगढ़ के विकास और प्रगति का संकल्प
भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था से नहीं जुड़ी है, बल्कि पंडरिया और छत्तीसगढ़ के विकास और प्रगति का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह श्रद्धालु मुश्किल रास्तों को पार कर भोरमदेव पहुंचेंगे, उसी तरह पंडरिया को भी विकास की नई दिशा में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
पिछले साल की तुलना में दोगुने कांवड़िए मेरे साथ
उन्होंने कहा, “भगवान शंभू और भोलेनाथ तथा मां नर्मदा का आशीर्वाद है कि इस साल पिछले साल की तुलना में दोगुने कांवड़िए मेरे साथ चल रहे हैं।”
भावना बोहरा ने बताया कि पिछले साल तक कांवड़ यात्रा में ज्यादातर पुरुष ही शामिल होते थे। महिलाओं को रास्ते की कठिनाइयों के कारण परेशानी होती थी, लेकिन पिछले साल से यात्रा शुरू होने के बाद इस बार महिला श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर करीब 150 से 200 तक पहुंच गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा हर साल बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज से राहुल गांधी नाराज, बोले- ‘बातचीत से ही निकलेगा समाधान’
इस यात्रा को समर्थन देने के लिए बीजेपी विधायक गोमती साय और सुशांत शुक्ला भी अमरकंटक पहुंचे और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। गोमती साय ने इसे पंडरिया और छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में शानदार पहल बताया। वहीं, सुशांत शुक्ला ने ‘बोल बम’ यात्रा को हिंदुत्व की भावना और आस्था का प्रतीक बताते हुए इसकी सराहना की।
Written By: Pradeep Singh