पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पहली बार देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक दिल्ली दौरा माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं। आज शाम उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसे बंगाल की राजनीति और विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सत्ता परिवर्तन के बाद पीएम और सीएम की पहली बार होगी मुलाकात
बंगाल में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की यह पहली मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य के विकास, केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा कई लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हो सकती है।
पीएम मोदी से किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का यह दिल्ली दौरा पश्चिम बंगाल के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री राज्य के विकास कार्यों में तेजी लाने, केंद्रीय सहायता बढ़ाने और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री से बातचीत करेंगे।
इन योजनाओं पर भी हो सकती है चर्चा
इसके अलावा कानून-व्यवस्था, औद्योगिक निवेश, रोजगार और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। अचानक तय हुए इस दौरे ने राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे बेलूर मठ
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी गुरुवार सुबह हावड़ा स्थित रामकृष्ण मठ और मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ पहुंचे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला बेलूर मठ दौरा था। यहां मठ के वरिष्ठ संतों और संन्यासियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने मठ में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और कुछ समय आध्यात्मिक वातावरण में बिताया।
दिल्ली में आज होगा बड़ा मंथन
हावड़ा में प्रशासनिक समीक्षा बैठक समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सुबह बेलूर मठ के आध्यात्मिक दौरे से लेकर शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली हाई-प्रोफाइल बैठक तक, उनका पूरा दिन राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Written By Toshi Shah