अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर उठे विवाद ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा और राज्य सरकार को निशाने पर लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए धर्म का अर्थ केवल धन रह गया है। उन्होंने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर सरकार से जवाब मांगा और कहा कि जहां-जहां गड़बड़ियां हुई हैं, वहां पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है।
'CC' का मतलब 'चंदा चोरी: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के दौरान भी सीसीटीवी कैमरों को लेकर सवाल उठे थे और अब मंदिर में नोटों की गिनती के दौरान भी सीसीटीवी नहीं थे। उन्होंने 'CC' का मतलब 'चंदा चोरी' बताते हुए भाजपा पर हमला बोला। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर और उससे जुड़े विकास कार्यों के नाम पर जमीन घोटाले हुए हैं तथा प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया।
'लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा'
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण अमीर और अमीर होता जा रहा है जबकि गरीबों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता आर्थिक बोझ से परेशान है। इसके अलावा उन्होंने भाजपा पर 'ऑपरेशन लोटस' के जरिए अन्य दलों को तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है।
PDA अभियान को 'प्रेम और अपनापन' का प्रतीक: अखिलेश
मथुरा जन्मभूमि से जुड़े चंदे के मामलों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि धार्मिक संस्थाओं में प्राप्त होने वाले दान का हिसाब-किताब क्या है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी साधु-संतों का सम्मान करती है और उसका धर्म सत्य के मार्ग पर चलना है। उन्होंने अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को 'प्रेम, दया और अपनापन' का प्रतीक बताया।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जताया दुख
वहीं, राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी इस मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि 'बिना धुएं के आग नहीं लगती' और यदि आरोप लग रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दूसरी ओर, राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार तीसरे दिन जांच में जुटी हुई है। जांच टीम अब तक 50 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है और दानपात्रों से लेकर वित्तीय रिकॉर्ड तक की गहन जांच की जा रही है। इस पूरे मामले पर राजनीतिक बयानबाजी और जांच दोनों समानांतर रूप से जारी हैं।
Written By: Geeta Sharma