Stree Samman Samriddhi Yojana: महिला समानता दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लागू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत महिलाओं को शुरुआती तौर पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने और इसे हर साल बढ़ाने का वादा किया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी के बिना प्रदेश की तरक्की अधूरी है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करने की बात कही और बीजेपी सरकार से अगले विधानसभा चुनाव से पहले 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग की।
‘सम्मान’ को ‘समृद्धि’ से पहले क्यों रखा?
मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने योजना के नाम और इसके उद्देश्य को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘स्त्री’ शब्द का चयन जानबूझकर किया गया है, क्योंकि यह किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं है। योजना का दायरा हर उम्र की महिलाओं तक रखा जा सकता है।
डिंपल ने कहा कि योजना के नाम में ‘सम्मान’ को ‘समृद्धि’ से पहले रखा गया है, क्योंकि हर महिला के लिए सम्मान सबसे पहली जरूरत और गारंटी होनी चाहिए, चाहे उसकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति कुछ भी हो।
महिलाओं की आर्थिक ताकत ही उनका सशक्तिकरण
डिंपल यादव ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है तो वह परिवार में भी बराबरी के साथ योगदान कर पाती है। योजना के तहत मोबाइल फोन, लैपटॉप, वित्तीय सहायता, शिक्षा और प्रशिक्षण जैसे माध्यमों से महिलाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
शुरुआत 40 हजार रुपये से, हर साल बढ़ेगी सहायता
सपा के मुताबिक ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसकी शुरुआत 40 हजार रुपये की सहायता से होगी और आने वाले वर्षों में राशि बढ़ाई जाएगी। योजना के क्रियान्वयन और प्रभाव का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक इसमें बदलाव भी किए जाएंगे।
‘पीडीए’ में आधी आबादी पर सपा का फोकस
डिंपल यादव ने कहा कि यह पहल सपा के पीडीए फॉर्मूले में ‘ए’ यानी आधी आबादी को केंद्र में रखती है। पार्टी का कहना है कि महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान को मजबूत करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य होगा।
अखिलेश बोले- महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बीजेपी सरकार से महिला आरक्षण लागू करने की मांग करते हुए कहा कि सपा महिलाओं को ‘आधी आबादी को पूरी आजादी’ देने की दिशा में काम करेगी। महिला समानता दिवस पर सपा का यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल महिलाओं को साधने की रणनीति पर जोर दे रहे हैं।