Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना की औपचारिक शुरुआत कर दी। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थी महिलाओं को अप्रूवल लेटर सौंपे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसकी पहली किस्त 1 सितंबर को जारी होगी। हालांकि, महिलाओं को मिलने वाली 2,500 रुपये की पूरी राशि तत्काल खर्च करने के लिए उपलब्ध नहीं होगी। सरकार की व्यवस्था के मुताबिक, 1,000 रुपये CBDC वॉलेट में खर्च के लिए मिलेंगे, जबकि बाकी 1,500 रुपये हर महीने महिला के नाम एफडी में जमा किए जाएंगे।
मोबाइल में आएगा 1,000 रुपये का डिजिटल पैसा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को बैंक खाता और CBDC वॉलेट बनाना होगा। यह वॉलेट डिजिटल पेमेंट के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। हर महीने 1,000 रुपये इस वॉलेट में आएंगे, जिन्हें महिलाएं अपनी जरूरतों पर डिजिटल तरीके से खर्च कर सकेंगी। वहीं 1,500 रुपये की एफडी उनके नाम से की जाएगी।
तीन साल बाद हाथ में आएगी बड़ी रकम
सरकार ने एफडी की व्यवस्था इसलिए की है ताकि महिलाओं को तत्काल खर्च के साथ भविष्य के लिए बचत भी मिल सके। मुख्यमंत्री के मुताबिक, हर तीन साल में ब्याज समेत जमा रकम लाभार्थी महिलाओं को एकमुश्त दी जाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह रकम करीब 50 से 70 हजार रुपये तक हो सकती है। महिलाएं इस रकम का इस्तेमाल कारोबार, रोजगार, शादी या अपनी जरूरत के मुताबिक अन्य कामों में कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर मिलने वाला पैसा तत्काल जरूरतों में खर्च हो जाता है। इसलिए योजना में 1,000 रुपये खर्च के लिए और 1,500 रुपये भविष्य की बचत के लिए रखने की व्यवस्था की गई है।
9 लाख से ज्यादा महिलाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं की अच्छी प्रतिक्रिया सामने आई है। अब तक 9 लाख से अधिक महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार के पहले चरण में करीब 17 लाख महिलाओं को तीन वर्षों तक लाभ देने का लक्ष्य है। जरूरत के अनुसार भविष्य में योजना का विस्तार भी किया जा सकता है।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
योजना के तहत पात्रता के लिए महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही उसके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। हालांकि कुछ परिवारों को योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। इनमें तीन से अधिक बच्चों वाले परिवार, 2,400 यूनिट से अधिक सालाना घरेलू बिजली खपत वाले परिवार शामिल हैं।
लक्ष्मी योजना का मकसद क्या है?
दिल्ली सरकार का दावा है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए आर्थिक स्वतंत्रता देना है। एक तरफ हर महीने 1,000 रुपये डिजिटल खर्च के लिए उपलब्ध होंगे, तो दूसरी तरफ 1,500 रुपये की नियमित बचत भविष्य में महिलाओं के लिए बड़ी रकम तैयार करेगी। यानी लक्ष्मी योजना में 2,500 रुपये का लाभ हर महीने मिलेगा, लेकिन 1,000 रुपये तत्काल खर्च और 1,500 रुपये भविष्य की बचत के लिए होंगे।
और पढे़ं: