एक्सरसाइज शरीर को फिट और एक्टिव रखने के लिए बेहद जरूरी है। लेकिन लंबे समय तक शारीरिक गतिविधि से दूर रहने के बाद अचानक बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करना कुछ लोगों के लिए जोखिम बढ़ा सकता है। खासकर जो लोग पहली बार जिम शुरू कर रहे हैं, उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार धीरे-धीरे शुरुआत करनी चाहिए। सही तरीके से किया गया नियमित वर्कआउट फिटनेस सुधारने में मदद करता है, वहीं जरूरत से ज्यादा मेहनत शरीर पर अनावश्यक दबाव डाल सकती है।
अचानक हाई इंटेंसिटी वर्कआउट न करें
लंबे समय से एक्सरसाइज नहीं करने वाला व्यक्ति अगर अचानक तेज दौड़ना, भारी वजन उठाना या हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू कर देता है। तो शरीर पर अचानक अधिक दबाव पड़ सकता है। इस दौरान दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकते हैं। वहीं, क्षमता से ज्यादा वजन उठाने या गलत तकनीक अपनाने से मांसपेशियों और जोड़ों पर चोट का खतरा भी बढ़ सकता है।
इसलिए शुरुआत हल्की गतिविधियों और वार्म-अप से करें। तेज चाल से पैदल चलना, हल्की साइकिलिंग या सामान्य एरोबिक गतिविधियां शुरुआती लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती हैं। फिटनेस में सुधार होने पर धीरे-धीरे वर्कआउट का समय बढ़ाएं।
इन लोगों को बरतनी चाहिए ज्यादा सावधानी
जिन लोगों को पहले से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें तेज या कठिन एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। अधिक उम्र के लोगों और लंबे समय से बिल्कुल एक्सरसाइज न करने वालों को भी अपनी क्षमता के अनुसार धीरे-धीरे शुरुआत करनी चाहिए।
वेट ट्रेनिंग के दौरान सही तकनीक और उचित वजन चुनना बेहद जरूरी है। बहुत भारी वजन उठाते समय सांस रोकने से ब्लड प्रेशर पर असर पड़ सकता है। इसलिए एक्सरसाइज करते समय सांस लेने की सही तकनीक पर भी ध्यान दें।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
अगर एक्सरसाइज के दौरान सीने में दर्द या दबाव, सांस लेने में परेशानी, चक्कर, अचानक कमजोरी, अत्यधिक थकान या असामान्य धड़कन महसूस हो, तो तुरंत एक्सरसाइज रोक दें और चिकित्सकीय मदद लें। इन लक्षणों को केवल सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
ये भी पढ़ें: BJP के 'नारी वंदन' पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, बोले- हाथरस को कोई नहीं भूलेगा
वार्म-अप और कूल-डाउन जरूरी
वर्कआउट से पहले कुछ मिनट वार्म-अप करने से शरीर को गतिविधि के लिए तैयार करने में मदद मिलती है। इसी तरह एक्सरसाइज खत्म करने के बाद अचानक रुकने के बजाय कुछ देर हल्की गतिविधि और स्ट्रेचिंग करना बेहतर हो सकता है।
Disclaimer: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है और मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। वजन बढ़ने का कारण व्यक्ति की स्थिति के अनुसार अलग हो सकता है। किसी दवा को अपने-आप बंद न करें और लगातार वजन बढ़ने या अन्य लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लें।