Agra-Lucknow Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर आगरा की तरफ जा रही थी। सफर के दौरान फतेहाबाद इलाके में चालक को अचानक झपकी आ गई। इसके बाद बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा जिससे एक्सप्रेसवे के किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि डबल डेकर बस सड़क पर ही पलट गई। अचानक हुए हादसे के बाद बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।एक्सप्रेसवे पर मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो मदद के लिए मौके की तरफ दौड़ पड़े।

हादसे के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई। बस पलटने की वजह से कई यात्री अंदर फंस गए थे। पुलिसकर्मियों और राहत दल ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।हादसे में घायल 14 यात्रियों को तत्काल फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया। इनमें कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

एक यात्री की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

हादसे में एक यात्री की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।हादसे की खबर मिलते ही यात्रियों के परिवारों में भी बेचैनी फैल गई। लोग अपने परिजनों की जानकारी लेने के लिए पुलिस और अस्पताल से संपर्क करते रहे।

नींद की झपकी ने फिर उठाए ड्राइवरों की सुरक्षा पर सवाल

एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार सामान्य सड़कों की तुलना में ज्यादा होती है। ऐसे में चालक की थोड़ी सी भी लापरवाही या थकान बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है।
लंबी दूरी की बसों में यह खतरा और बढ़ जाता है। कई बार चालक लगातार कई घंटे वाहन चलाते रहते हैं। शरीर थकने के बाद कुछ सेकंड के लिए आंख लगना भी इतना खतरनाक हो सकता है कि चालक को वाहन संभालने का मौका तक नहीं मिलता।फतेहाबाद का यह हादसा भी इसी खतरे की ओर इशारा करता है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में बारिश का कहर! नए मकान का लिंटर भरभराकर गिरा, चाचा-भतीजे की मौत; महिला गंभीर



Written By: Shivashakti Narayan Singh