बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से एक पोस्ट और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, इन पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी वास्तव में किसने जारी की और इसके पीछे कौन हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में क्या दावा किया गया?

वायरल पोस्ट में आमिर खान पर उनकी निजी जिंदगी को लेकर आपत्तिजनक आरोप लगाए गए हैं और उन्हें धमकी दी गई है। पोस्ट में धार्मिक और सांप्रदायिक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, इसकी सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और जांच जारी है।

आमिर खान की शादी को लेकर विवाद

हाल ही में आमिर खान ने अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ निजी समारोह में रजिस्टर्ड शादी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ संगठनों ने इसे 'लव जिहाद' से जोड़ते हुए विरोध दर्ज कराया।

विवाद के बीच आमिर खान ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि उनकी पत्नी गौरी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि गौरी ईसाई हैं, हिंदू नहीं। अभिनेता ने यह भी बताया कि उनकी बेटी और बहनों की शादी हिंदू परिवारों में हुई है, जबकि उनकी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव ने भी कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया।

जांच जारी...

फिलहाल पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच इस बात की जांच कर रही है कि वायरल पोस्ट और ऑडियो के पीछे कौन है और क्या इनका संबंध वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है। आधिकारिक जांच पूरी होने तक किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की गई है।

 

 

Written By: Archana Gupta