रूस के  राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना क, जिसके बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत-अमेरिका संबंधों और प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। ट्रंप ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौता जल्द अंतिम रूप ले सकता है, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक संबंध हैं।

ट्रंप ने भारत को लेकर कही ये बात

गुरुवार को दिए गए अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि लंबे समय तक भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में असंतुलन रहा, जहां भारत की ओर से अमेरिकी वस्तुओं पर अधिक शुल्क लगाए जाते थे। हालांकि, उनका दावा है कि अब परिस्थितियां बदल रही हैं और अमेरिका को भारत के साथ व्यापार से बेहतर लाभ मिल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों देश आपसी समझौते की दिशा में आगे बढ़ेंगे, क्योंकि वे भारत के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना चाहते हैं।

व्यापार समझौते को लेकर भी ट्रंप ने कही ये बात

इस बीच, भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत का नया दौर शुरू हो चुका है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के प्रतिनिधिमंडल की 1 से 4 जून तक चली भारत यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बातचीत में बाजार तक पहुंच, गैर-शुल्कीय बाधाएं, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाना, व्यापार को सुगम बनाने के उपाय और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े सहयोग जैसे विषय शामिल रहे।

पुतिन ने भारत की विदेश नीति और पीएम मोदी की थी प्रशंसा

उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी भारत की विदेश नीति और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बढ़ते संबंधों का रूस-भारत साझेदारी पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। पुतिन के अनुसार, रूस के साथ भारत के संबंधों को लेकर यदि किसी प्रकार का बाहरी दबाव बनाया भी जाता है, तो भारत अपनी स्वतंत्र नीति के आधार पर निर्णय लेने में सक्षम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए ऐसे दबावों का सामना करेगा।

Written By Toshi Shah