आज शाम साढ़े 4 विदेश से लौटते ही पीएम मोदी दिल्ली के सेवा तीर्थ में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सभी केंद्रीय मंत्रिमंडल मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के शामिल हो सकते है। सूत्रों के मुताबिक पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और भारत पर इसके संभावित आर्थिक प्रभाव पर चर्चा होने की संभावना है। तो ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस बैठक के बाद कुछ बड़ा फैसला लिया जाएगा?

3.0 सरकार की पहली वर्षगांठ

पीएम मोदी के नेतृत्व वाली मोदी 3.0 सरकार की पहली वर्षगांठ 10 जून को पूरी होने जा रही है। इससे पहले केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में होने जा रही मंत्रिपरिषद की बैठक ने राजनीतिक हलकों में विशेष महत्व हासिल कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जून के दूसरे सप्ताह में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बदलाव संभव हैं और इसके लिए मंत्रालयों के कामकाज तथा संगठनात्मक व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

मौजूदा परिस्थितियों की व्यापक समीक्षा कराई जाएगी

सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद मौजूदा परिस्थितियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए सरकार सतर्क नजर आ रही है। इसी उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में मंत्रियों का एक उच्चस्तरीय अनौपचारिक समूह बनाया गया है। इस समूह में केंद्रीय मंत्री अमित शाह,निर्मला सीतारमण और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा कि सरकार 24 घंटे स्थिति पर नजर रख रही है और कच्चे तेल,ऊर्जा तथा LPG पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

सेवा तीर्थ में आयोजित होगी मंत्रिपरिषद की बैठक

करीब 11 महीने बाद होने जा रही मंत्रिपरिषद की यह बैठक आज शाम सेवा तीर्थ में आयोजित होगी और इसके 4-5 घंटे तक चलने की संभावना है। बैठक में ऊर्जा, वित्त, रेलवे, वाणिज्य, श्रम, कृषि, पर्यावरण, सड़क परिवहन और परमाणु ऊर्जा समेत लगभग एक दर्जन मंत्रालयों के सचिव प्रस्तुतीकरण देंगे। सभी मंत्रालय पहले ही पिछले दो वर्षों में किए गए सुधारों की रिपोर्ट कैबिनेट सचिवालय को सौंप चुके हैं।

भविष्य के सुधार एजेंडे पर होगी चर्चा

बैठक में पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ भविष्य के सुधार एजेंडे पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान सरकार की आगामी रणनीति और विकास योजनाओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।

Written By: Geeta Sharma