इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'आवारापन 2' आज यानी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसका असर एडवांस बुकिंग में भी साफ नजर आया, जहां फिल्म ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
बुकमायशो पर 'आवारापन 2' की शानदार प्री-सेल
'आवारापन 2' की पहले दिन की टिकट बिक्री ने रिलीज से ठीक पहले रफ्तार पकड़ ली। खासतौर पर 13 अगस्त को फिल्म की प्री-सेल में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आखिरी 24 घंटों में अकेले बुकमायशो पर फिल्म के 1.81 लाख से ज्यादा टिकट बिके। शाम के बाद बिक्री में आई तेजी ने आंकड़े को और ऊपर पहुंचा दिया। आखिरकार फिल्म की कुल प्री-सेल करीब 2 लाख 89 हजार 710 टिकट तक पहुंच गई।
'सिकंदर' और 'धुरंधर' को भी पछाड़ा
एडवांस बुकिंग के इन आंकड़ों के साथ इमरान हाशमी की फिल्म ने बुकमायशो पर सलमान खान की 'सिकंदर' और रणवीर सिंह की 'धुरंधर'को पीछे छोड़ दिया। 'सिकंदर' की प्री-सेल लगभग 2.81 लाख टिकट रही थी, जबकि 'धुरंधर' ने करीब 2.24 लाख टिकटों की बिक्री दर्ज की थी। ऐसे में 'आवारापन 2' के 2.89 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री ने दोनों फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि इन फिल्मों की रिलीज से पहले काफी चर्चा थी और उन्हें बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़े क्लैश का सामना भी नहीं करना पड़ा था। इसके बावजूद 'आवारापन 2' ने एडवांस बुकिंग के मोर्चे पर दमदार प्रदर्शन किया।
2026 की तीसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड प्री-सेल
'आवारापन 2' ने सिर्फ 'सिकंदर' और 'धुरंधर' को ही पीछे नहीं छोड़ा, बल्कि 2026 में बॉलीवुड फिल्मों की सबसे बड़ी प्री-सेल की लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली है। बुकमायशो के आंकड़ों के अनुसार, 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' के बाद 'आवारापन 2' इस साल की तीसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड प्री-सेल वाली फिल्म बन गई है। इसके साथ ही इसने 'कॉकटेल 2' को टॉप-5 से बाहर कर दिया, जबकि 'भूत बंगला' और 'वेलकम टू द जंगल' की रैंकिंग भी एक स्थान नीचे चली गई।
2026 में बुकमायशो पर सबसे ज्यादा प्री-सेल वाली बॉलीवुड फिल्में
- धुरंधर 2: 2.41 मिलियन टिकट
- बॉर्डर 2: 4.04 लाख टिकट
- आवारापन 2: करीब 2.90 लाख टिकट
- भूत बंगला:1.70 लाख टिकट
- वेलकम टू द जंगल: 1.24 लाख टिकट
एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े इशारा कर रहे हैं कि इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' को दर्शकों से अच्छी शुरुआत मिल सकती है। अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपने प्री-सेल के इस शानदार प्रदर्शन को कितनी दूर तक कायम रख पाती है।
ये भी पढ़ें- ' Toxic' की स्टारकास्ट ने वसूली करोड़ों में फीस, यश से कियारा तक जानें किसे मिले कितने पैसे
Written By Toshi Shah