मलयालम सस्पेंस-क्राइम फ्रैंचाइज़ी की अगली कड़ी दृश्यम 3 (Drishyam 3) को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्देशक जीतू जोसेफ की इस फिल्म में एक बार फिर मोहनलाल मुख्य किरदार जॉर्जकुट्टी के रूप में नजर आएंगे। यह फिल्म सुपरहिट रही ‘दृश्यम’ (2013) और ‘दृश्यम 2’ (2021) की कहानी को आगे बढ़ाती है।

एडवांस टिकट बुकिंग ने मचाया धमाल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की एडवांस टिकट बुकिंग ने रिलीज से पहले ही मजबूत शुरुआत कर दी है। केरल में सीमित शो के बावजूद पहले दिन की प्री-सेल्स 1 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी हैं। वहीं, वैश्विक स्तर पर एडवांस बुकिंग 4 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर चुकी है। खास बात यह है कि अभी फिल्म की पूरी तरह से ओपन प्री-सेल्स भी शुरू नहीं हुई हैं, इसके बावजूद ये आंकड़े काफी सकारात्मक माने जा रहे हैं।

1 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी है फिल्म की एडवांस बुकिंग

सोशल मीडिया पर सामने आए एक अपडेट में दावा किया गया है कि केरल में ही शुरुआती बुकिंग से फिल्म ने 1 करोड़ से ऊपर की कमाई कर ली है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 4 करोड़ के पार पहुंच गया है। इसे फिल्म के लिए एक मजबूत संकेत माना जा रहा है।

क्या है कहानी

कहानी की बात करें तो इस बार जॉर्जकुट्टी और उसका परिवार फिर से केंद्र में हैं। मीना, अंसीबा हसन और एस्थर अनिल अपने पुराने किरदारों में लौट रही हैं, जबकि सिद्दीकी, आशा शरथ और मुरली गोपी जैसे कलाकार सपोर्टिंग भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान निर्देशक ने कही ये बात

ट्रेलर लॉन्च के दौरान निर्देशक जीतू जोसेफ ने संकेत दिया कि इस बार कहानी में नया और अनदेखा खतरा शामिल है। जॉर्जकुट्टी को इस बार यह भी पता नहीं होगा कि कोई उसका पीछा कर रहा है या नहीं, और अगर कर रहा है तो कौन। मोहनलाल ने इवेंट में यह भी संकेत दिया कि कहानी यहीं खत्म नहीं हो सकती और आगे इसके सीक्वल भी बन सकते हैं, हालांकि अंतिम फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।

Written By Toshi Shah