Pune News: पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले माहौल गरमा गया। शुक्रवार को सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर में ABVP और NSUI से जुड़े छात्रों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
शनिवार को राहुल गांधी का छात्रों के साथ कार्यक्रम होना है। इससे पहले हुई इस झड़प के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
छात्राओं के रजिस्ट्रेशन को लेकर शुरू हुआ विवाद
विवाद की वजह को लेकर दोनों छात्र संगठनों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए हैं। ABVP से जुड़े छात्रों का आरोप है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सीओईपी की छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे।दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का समर्थन करने वाली दो छात्राओं को ABVP कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में कथित तौर पर बंद कर दिया और उन्हें धमकाया। इसी मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार भी हॉस्टल परिसर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं को धमकाया जा रहा था। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुणे के छात्रों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को लेकर असंतोष है और राहुल गांधी के कार्यक्रम को छात्रों का समर्थन मिल रहा है।उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से विरोधी परेशान हैं। दूसरी तरफ बीजेपी की ओर से राहुल गांधी को लेकर अलग मामले में ‘कैमरा पॉलिटिक्स’ का आरोप लगाया गया है।फिलहाल पुणे के सीओईपी परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। शनिवार को राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।