Aamir Khan 3rd Marriage: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। ऐसी खबरें सामने आई हैं कि आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों 5 जुलाई को एक निजी समारोह में अपने रिश्ते को नया नाम दे सकते हैं।
प्राइवेट सेरेमनी में होगी आमिर और गौरी की शादी
एक रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर औ गौरी एक प्राइवेट सेरेमनी में अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में विवाह करेंगे। बताया जा रहा है कि यह समारोह बेहद सादगीपूर्ण होगा,जिसमें घर पर ही रजिस्ट्रेशन और साइनिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि,इस संबंध में आमिर खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
1 साल से साथ रह रहे आमिर और गौरी
यह भी दावा किया गया है कि आमिर और गौरी पिछले करीब 1 साल से परिवार की तरह साथ रह रहे हैं और दोनों अपने रिश्ते में काफी खुश हैं। यही वजह है कि अब वे अपने इस रिश्ते को औपचारिक रूप देना चाहते हैं। गौरी के साथ अपने रिश्ते को लेकर आमिर पहले भी खुलकर बात कर चुके हैं।
गौरी के साथ आमिर को मानसिक शांति मिलता है
एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा था कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि गौरी उनकी जिंदगी में आईं। उनके अनुसार, गौरी के साथ उन्हें मानसिक शांति और सुकून मिलता है। अभिनेता ने यह भी स्वीकार किया था कि जीवन के इस पड़ाव पर वह खुद को पहले से अधिक संतुलित महसूस करते हैं।
आमिर खान की लव लाइफ
अगर आमिर खान की लव लाइफ की बात करें तो उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। दोनों ने वर्ष 1986 में शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं – इरा खान और जुनैद खान। करीब 16 साल साथ रहने के बाद वर्ष 2002 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्म निर्देशक किरण राव से शादी की। दोनों के बेटे आज़ाद राव खान का जन्म 2011 में हुआ। हालांकि, 2021 में आमिर और किरण ने भी आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।
आमिर की शादी की खबरों ने खींचा सबका ध्यान
अब आमिर खान और गौरी स्प्रैट की कथित शादी की खबरों ने एक बार फिर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह चर्चित जोड़ी जल्द ही अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप देगी।
Written By: Geeta Sharma