आमिर खान ने हाल ही में फिल्मों की असफलता और उससे होने वाले भावनात्मक असर पर खुलकर बात की। उनकी प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘एक दिन’ से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकी। फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। रिलीज से पहले आमिर ने इसका जोरदार प्रमोशन भी किया था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।
कमी मेकर्स की ही होती है- आमिर खान
फिल्म के खराब प्रदर्शन को लेकर आमिर खान ने कहा कि जब कोई फिल्म नहीं चलती, तो उन्हें व्यक्तिगत तौर पर बहुत दुख होता है। उनके मुताबिक, फिल्में दर्शकों के लिए बनाई जाती हैं और अगर दर्शक थिएटर तक जाकर भी फिल्म से जुड़ाव महसूस नहीं कर पाते, तो कहीं न कहीं कमी मेकर्स की ही होती है, उन्होंने कहा कि दर्शक कभी जानबूझकर खराब फिल्म देखने नहीं जाते, इसलिए उनकी निराशा को गंभीरता से लेना चाहिए।
फिल्म के फ्लॉप होने से मानसिक स्थिति पर पड़ता है असर
आमिर ने यह भी स्वीकार किया कि किसी फिल्म के फ्लॉप होने का असर उनकी मानसिक स्थिति पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि हर फिल्म उनके लिए बेहद खास होती है, इसलिए जब उसे दर्शकों का प्यार नहीं मिलता तो उन्हें काफी दर्द होता है। कई बार वह महीनों तक उदासी और तनाव में रहते हैं।
बॉक्स ऑफिस की जानकारी
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘एक दिन’ ने लगभग 5.5 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि नेट कमाई करीब 4.3 करोड़ रुपये रही। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया था। यह साई पल्लवी की पहली हिंदी फिल्म भी थी, लेकिन कहानी और प्रस्तुति दर्शकों को खास प्रभावित नहीं कर सकी।
Written By Toshi Shah