भोपाल के चर्चित मॉडल-एक्टर ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस केस में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को अदालत ने पांच-पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार को सीबीआई ने दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया, जहां एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। अदालत ने सीबीआई की दलीलों को स्वीकार करते हुए रिमांड मंजूर कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पक्ष के वकील ने भी इस पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई।
पहले से ही था रिमांड पर ट्विशा शर्मा के पति
ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पहले से ही सात दिन की रिमांड पर था। उसकी अवधि समाप्त होने के बाद उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। अब सीबीआई पति और सास को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी ताकि 12 मई की रात हुई घटनाओं की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। जांच एजेंसी कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट, गवाहों के बयान और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
सास हुई गिरफ्तार
इस मामले में आरोपी सास गिरिबाला सिंह, जो पूर्व न्यायाधीश रह चुकी हैं, उन्हें सीबीआई ने गुरुवार को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले सीबीआई टीम ने कई घंटों तक उनसे पूछताछ की और घर की तलाशी भी ली। गिरिबाला सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को नकारते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया है, लेकिन जांच एजेंसी को कई ऐसे तथ्य मिले हैं जो संदेह को और गहरा कर रहे हैं।
हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए मामले में उपलब्ध साक्ष्यों को गंभीर बताया था। अदालत ने यह भी कहा था कि प्रथम दृष्टया जांच को प्रभावित करने वाले कई तथ्य सामने आए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को अपने ससुराल स्थित घर में मृत पाई गई थीं। शुरुआती जांच के बाद मामला संदिग्ध माना गया, जबकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर एंटीमॉर्टम चोटों का उल्लेख मिलने से केस ने नया मोड़ ले लिया। ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
Written By Toshi Shah