Delhi News: दिल्ली के निहाल विहार इलाके के लक्ष्मी पार्क में पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। पुलिस ने मामले में उनकी पत्नी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना से जुड़े 3 CCTV फुटेज भी सामने आए हैं।
साढ़े 3 साल पहले हुई थी शादी
परिवार के मुताबिक, विनय ने करीब साढ़े तीन साल पहले बुध विहार निवासी रेखा से शादी की थी। दोनों के करीब साढ़े चार महीने पहले जुड़वां बच्चे हुए थे, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। विनय का परिवार बताता है कि वह IT सेक्टर में काम करते थे और उनका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये था।
बच्चे को दवा देने को लेकर हुआ विवाद
विनय की मां के अनुसार, पिछले शुक्रवार को बच्चे को दवा देने को लेकर विनय और रेखा के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद रेखा नाराज होकर मायके चली गई। आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद वह अपने दो भाइयों, भाभी, पिता, चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वापस लौटी।
परिवार का आरोप है कि रेखा के रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी। विनय के माता-पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी रोकने का प्रयास किया गया। परिवार का दावा है कि विनय को बार-बार पीटा गया, उसका गला दबाया गया और छाती पर घूंसे-लातें मारी गईं।
ये भी पढ़ें: 'चवन्नी' बयान से गरमाई जाट सियासत! 2027 में अखिलेश को भारी पड़ेगा जयंत से पंगा?
CCTV में दिखी घटना के पहले और बाद की गतिविधियां
परिवार ने दावा किया है कि हमले से पहले CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे। सामने आए फुटेज में रेखा लाल सूट और उसकी भाभी नीले सूट में दिखाई दे रही हैं। कथित तौर पर रेखा के 2 भाई, पिता और एक अन्य व्यक्ति भी कार में नजर आते हैं। हमले के बाद एक पड़ोसी विनय को कंधे पर उठाकर घर से बाहर लाता दिखाई देता है। विनय खुद खड़े नहीं हो पा रहे थे, जिसके बाद पड़ोसी ने उन्हें कुर्सी पर बैठाया। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पत्नी समेत 4 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मामले में विनय की पत्नी रेखा, उसके 2 भाइयों और भाभी को गिरफ्तार किया है। आउटर डिस्ट्रिक्ट के DCP विक्रम मीणा के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी ने अपने परिवार वालों को ससुराल बुलाया था। आरोप है कि रिश्तेदारों की मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण विनय की मौत हुई।
निहाल विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 103(1) हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) साझा आपराधिक जिम्मेदारी से जुड़ी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।