सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। पीडीए में 'पी' का मतलब पाकिस्तान बताए जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी पीडीए से घबराई हुई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, 'पी का मतलब पाकिस्तान तो बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान।' अखिलेश ने पीडीए को 'प्रेम, दया और अपनापन’ से जोड़ते हुए ऐसी सरकार बनाने की बात कही।

शिक्षा और महंगाई पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने मौजूदा माहौल पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज सच बोलना भी मुश्किल हो गया है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की लगभग हर चीज महंगी हो गई है। उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने और चीनी की कीमतों को लेकर सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से 15 करोड़ गरीब लोगों की प्रति व्यक्ति आय बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को गरीब माना जा रहा है और जिनके पास आयुष्मान कार्ड हैं, उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी! जयराम रमेश का केंद्र पर बड़ा हमला 

403 सीटों पर तैयारी का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग सपा को छोड़कर जाते हैं।

बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी दिया जवाब

प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का जिक्र करते हुए अखिलेश ने विकास कार्यों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारी रकम खर्च होने के बावजूद शहरों में जलभराव की स्थिति चिंताजनक है। बुलेटप्रूफ जैकेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें ऐसी जैकेट नहीं मिली है और उन्हें इसकी जरूरत भी नहीं है।

डेयरी पॉलिसी और दिव्यांगों के लिए घोषणाएं

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर डेयरी क्षेत्र के लिए ऐसी नीति लाई जाएगी, जिससे पशुपालन और व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ मिले। उन्होंने दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र जारी करने और उन्हें सम्मान देने की बात कही। साथ ही जरूरतमंद दिव्यांग साथियों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देने का भी वादा किया। 

उन्होंने महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता की घोषणाओं का जिक्र करते हुए बीजेपी पर आरोप लगाया कि पहले जिन योजनाओं को ‘हवाई’ बताया गया, बाद में उन्हीं के समान घोषणाएं की गईं। गौमूत्र के मुद्दे पर भी अखिलेश ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सपा कार्यालय में 200 लीटर रखा हुआ है और सवाल किया कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा।