Independence DayPM Modi Red Fort Speech: देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। सुबह से ही दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगे के रंग में रंगा माहौल नजर आ रहा है। राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे।

इस बार लाल किले का कार्यक्रम कई मायनों में खास है। 2026 में 'वंदे मातरम्' के 150 साल पूरे हो रहे हैं और इसी मौके पर पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले पर 'वंदे मातरम्' का गायन होगा। इस साल के समारोह में युवाओं की भूमिका और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर भी खास जोर दिया गया है।

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प देश को विकसित भारत की दिशा में ले जाएगा।इसके बाद सभी की नजरें लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह पर रहेंगी, जहां प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद देश को संबोधित करेंगे।

लाल किले पर क्या-क्या होगा?

प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी प्रधानमंत्री को सलामी मंच तक लेकर जाएंगे।प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे और फिर लाल किले की प्राचीर पर पहुंचकर तिरंगा फहराएंगे। इस साल समारोह की जिम्मेदारी में सेना की अहम भूमिका है। गार्ड ऑफ ऑनर में सेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के जवान शामिल रहेंगे। 

पहली बार लाल किले पर 'वंदे मातरम्'

इस बार के समारोह में 'वंदे मातरम्' सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाला है। सरकार के मुताबिक 2026 में राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी वजह से इस साल के स्वतंत्रता दिवस समारोह को '150 Years of Vande Mataram' से जोड़ा गया है।कार्यक्रम में 'वंदे मातरम्' का गायन प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने के बाद किया जाएगा। इसके अलावा एनसीसी कैडेट्स और माई भारत के स्वयंसेवकों की भागीदारी भी समारोह को खास बनाने वाली है।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी की गई है। लाल किले के आसपास के इलाकों के अलावा राजघाट और शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।राजघाट जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है और पास रखने वाले लोगों को ही कुछ हिस्सों में आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। राजधानी में वाहनों की जांच भी की जा रही है।टिकरी बॉर्डर समेत दिल्ली के दूसरे सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी।

दिल्ली मेट्रो ने भी बदला समय

स्वतंत्रता दिवस के कारण दिल्ली मेट्रो की सेवाएं आज सामान्य दिनों की तुलना में पहले शुरू की गई हैं। सुबह-सुबह लाल किले और आसपास के इलाकों में पहुंचने वाले लोगों के लिए मेट्रो अहम साधन बनी हुई है।उधर, दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा जांच के कारण सड़क मार्ग से सफर करने वालों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी जा रही है।

ओडिशा में सैंड आर्ट से देशभक्ति का संदेश

स्वतंत्रता दिवस का रंग दिल्ली तक ही सीमित नहीं है। ओडिशा के पुरी बीच पर मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने भी इस मौके पर खास रेत कलाकृति तैयार की है। उनकी कलाकृति के जरिए देशभक्ति और 'विविधता में एकता' का संदेश देने की कोशिश की गई है।यानी लाल किले से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों तक, 15 अगस्त का उत्सव अपने-अपने अंदाज में मनाया जा रहा है।

 Written By: Shivashakti Narayan Singh