जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग सुरंग के पास एक सड़क हादसे में सीआरपीएफ के जवानों की गाड़ी फिसलकर पलट गई। इस दुर्घटना में कुल छह जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोनमर्ग टनल के पास संतुलन खो बैठा वाहन
जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनमर्ग टनल के पास वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे फिसल गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए गुंड स्थित सीआरपीएफ कैंप ले जाया गया।
किसी भी जवान की नहीं हुई मौत
इसी बीच, सीआरपीएफ से जुड़ी एक सकारात्मक खबर भी सामने आई है। बल के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि 2026 की पहली छमाही 1 जनवरी से 30 जून के दौरान किसी भी ऑपरेशन में जवानों की मौत नहीं हुई, जो कई दशकों में पहली बार देखा गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की।
जानमाल के नुकसान का सामना नहीं- जी.पी. सिंह
जी.पी. सिंह ने यह भी कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियानों में कमी और हालिया परिस्थितियों के चलते लगातार कई महीनों से बल को ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान किसी जानमाल के नुकसान का सामना नहीं करना पड़ा है।
ब्रिटिश काल में हुई थी स्थापना
करीब 3.25 लाख जवानों वाली सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाती है। यह बल नक्सल विरोधी अभियान, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन और पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद नियंत्रण जैसे कार्यों में तैनात रहता है। इसकी स्थापना 1939 में ब्रिटिश काल में हुई थी, जिसे आजादी के बाद सीआरपीएफ नाम दिया गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक ड्यूटी के दौरान 2,270 से अधिक जवान और अधिकारी शहीद हो चुके हैं।
Written By Toshi Shah