अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार शाम व्हाइट हाउस के पास अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक हथियारबंद व्यक्ति ने सुरक्षा चौकी के करीब पहुंचकर सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार घटना शाम करीब 6 बजे ईस्टर्न टाइम पर 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू के इलाके में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि संदिग्ध अपने बैग से हथियार निकालकर अधिकारियों पर गोली चलाने लगा।
30 राउंड हुई फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौके पर करीब 30 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल संदिग्ध को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे ट्रंप
घटना में एक राहगीर भी घायल हुआ है। हालांकि अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसे संदिग्ध की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। एजेंसी के किसी अधिकारी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
जांच में जुटी एजेंसियां
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, जनता को अवगत कराया जाएगा। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक वे घटना स्थल के आसपास जाने से बचें। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
व्हाइट हाउस के आसपास कई बार हो चुकी है फायरिंग
यह पहली बार नहीं है जब व्हाइट हाउस के आसपास इस तरह की हिंसक घटना हुई हो। पिछले वर्ष नवंबर में भी इसी इलाके में एक बंदूकधारी ने वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर हमला किया था। उस हमले में एक सैनिक की मौत हुई थी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
डोनाल्ड ट्रंप की बढ़ाई सुरक्षा
हाल के महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई है। इससे पहले अप्रैल में वॉशिंगटन के एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप को निशाना बनाने की कथित साजिश का मामला सामने आया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड पर हैं।
Written By Toshi Shah