भारत का इंग्लैंड दौरा अगले महीने शुरू होने जा रहा है और इसके लिए बीसीसीआई (BCCI) ने टी20 टीम की घोषणा कर दी है। इस बार टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। सबसे ज्यादा चर्चा कप्तानी को लेकर है, क्योंकि सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह नहीं मिली है और श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा महज 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

पहली बार भारत की कप्तानी करते नजर आएंगे श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ इस टी20 श्रृंखला में पहली बार भारत की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाए जाने से यह संकेत मिलता है कि टीम प्रबंधन भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता रहा है। युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी के चयन ने भी क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता बढ़ा दी है और सभी उनकी संभावित शुरुआत का इंतजार कर रहे हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच होगे मैच

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 1 जुलाई से होगी। पहला मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 4 जुलाई को दूसरे मैच में आमने-सामने होंगी। पूरी श्रृंखला 11 जुलाई तक चलेगी। टी20 मुकाबलों के बाद दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज भी आयोजित की जाएगी। यह श्रृंखला 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच खेली जाएगी। हालांकि, वनडे टीम के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने अभी तक खिलाड़ियों के नाम घोषित नहीं किए हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

 

 

Written By Toshi Shah