Tips For Glowing Skin Amla Soup: रोज-रोज दाल और रोटी खाकर बोर हो गए हैं और डिनर में कुछ नया, स्वादिष्ट और पौष्टिक ट्राई करना चाहते हैं, तो आंवले का सूप एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। खासकर सर्दियों के मौसम में शाम या रात के खाने के साथ गर्मागर्म आंवले का सूप पीने का मजा ही अलग है। विटामिन-C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आंवला संतुलित डाइट का हिस्सा बनकर इम्यूनिटी और संपूर्ण सेहत को सपोर्ट कर सकता है। तो आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
आंवले का सूप बनाने के लिए सामग्री
ताजे आंवले – 4 से 5
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
हरी मिर्च – 1
देसी घी या मक्खन – 1 छोटा चम्मच
जीरा – आधा छोटा चम्मच
हींग – एक चुटकी
काली मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
कॉर्नफ्लोर – 1 छोटा चम्मच
गुड़ या शहद – 1 छोटा चम्मच
काला नमक और सादा नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
आंवले का सूप बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें। अब कुकर में आंवले, डेढ़ गिलास पानी और थोड़ा नमक डालकर 2 सीटी आने तक उबालें। ठंडा होने पर इनके बीज निकालकर कलियां अलग कर लें।
2. उबले हुए आंवले की कलियों को थोड़े से उबले पानी के साथ मिक्सी में डालें और बारीक स्मूथ प्यूरी तैयार कर लें।
3. अब एक पैन में देसी घी गर्म करें। इसमें जीरा, हींग, कद्दूकस किया हुआ अदरक और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें।
4. इसमें आंवले की प्यूरी और लगभग दो कप पानी डालें। फिर काला नमक, सादा नमक, काली मिर्च और भुना जीरा पाउडर मिलाकर अच्छी तरह चलाएं।
5. सूप में उबाल आने पर पानी में घोला हुआ कॉर्नफ्लोर और गुड़ डालें। धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं।
6. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गर्मागर्म सूप को कप में निकालकर सर्व करें।
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये खास टिप्स
आंवले का स्वाद थोड़ा खट्टा और कसैला होता है। इसे संतुलित करने के लिए थोड़ा गुड़ मिलाएं। वहीं काली मिर्च और भुना जीरा सूप को चटपटा स्वाद देते हैं। देसी घी में जीरा और हींग का तड़का लगाने से इसकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं। इस सर्दी डिनर में इस आसान और स्वादिष्ट आंवला सूप को जरूर ट्राई करें।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में ज्यादा खाना पड़ सकता है भारी! सेहत बिगड़ने से पहले जान लें ये बातें