Homemade Amla Chyawanprash: सर्दियों का मौसम आते ही लोग अपनी सेहत और खानपान का खास ध्यान रखने लगते हैं। इस मौसम में कई लोग इम्यूनिटी को सपोर्ट करने के लिए च्यवनप्राश खाना पसंद करते हैं।

वैसे तो बाजार में कई तरह के च्यवनप्राश मिलते हैं, लेकिन आप इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। घर पर बने च्यवनप्राश में आंवला, गुड़, घी, ड्राई फ्रूट्स और कई फायदेमंद मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

च्यवनप्राश बनाने के लिए सामग्री
1 किलो आंवला
500-700 ग्राम गुड़
100 ग्राम देसी घी
50 ग्राम बादाम और काजू
25 ग्राम पिस्ता
50 ग्राम किशमिश
100 ग्राम खजूर
50 ग्राम मखाना
10-12 इलायची
दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च
1 छोटा चम्मच सोंठ पाउडर
2 बड़े चम्मच शहद
घर पर कैसे बनाएं आंवले का च्यवनप्राश?
सबसे पहले आंवले को अच्छी तरह धोकर कुकर में थोड़े पानी के साथ 2-3 सीटी आने तक उबाल लें। ठंडा होने पर इनके बीज निकालकर मिक्सर में पेस्ट बना लें। अब बादाम, काजू, पिस्ता और मखाने को हल्का भूनकर छोटे टुकड़ों में काट लें। खजूर के बीज निकालकर उसका पेस्ट तैयार कर लें।

इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें और आंवले का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें। जब इसका पानी सूखने लगे, तब गुड़ को थोड़े पानी में पिघलाकर छान लें और आंवले के पेस्ट में मिला दें।

अब इसमें खजूर का पेस्ट, सभी ड्राई फ्रूट्स, किशमिश और मखाने डालें। इसके बाद इलायची, दालचीनी, काली मिर्च और सोंठ पाउडर मिलाएं। मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं।

आखिर में मिलाएं शहद
जब मिश्रण अच्छी तरह पक जाए तो गैस बंद कर दें। इसे ठंडा या हल्का गुनगुना होने दें। इसके बाद शहद मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। आपका घर का बना आंवले का च्यवनप्राश तैयार है।

च्यवनप्राश को स्टोर करते समय रखें ध्यान
तैयार च्यवनप्राश को साफ और सूखे कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें। इसे निकालने के लिए हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। इसमें गुड़ और खजूर होने के कारण शुगर की मात्रा अधिक हो सकती है। इसलिए डायबिटीज के मरीज इसके सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
ये भी पढ़ें: कब्ज से हैं परेशान? दवाई से पहले आजमाएं ये 5 असरदार घरेलू नुस्खे!