Winter Health Tips: मौसम बदलने के साथ खानपान और दिनचर्या में भी बदलाव आने लगता है। गर्मियों में जहां लोग हल्का खाना पसंद करते हैं, वहीं सर्दियां शुरू होते ही गर्मागर्म पराठे, पकौड़े, हलवा और चाय-कॉफी खाने-पीने का मन ज्यादा करता है। कई लोगों को इस मौसम में बार-बार भूख भी लगती है। लेकिन क्या ठंड में सचमुच शरीर को ज्यादा खाने की जरूरत होती है? आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह और इससे बचने के तरीके।
सर्दियों में क्यों लगती है ज्यादा भूख?
सर्दियों में भूख बढ़ने के पीछे कई कारण होते हैं। इनमें हार्मोनल बदलाव, नींद का पैटर्न और दिनचर्या में बदलाव शामिल हैं। शरीर में दो हार्मोन भूख को नियंत्रित करने का काम करते हैं। पहला घ्रेलिन (Ghrelin), जो दिमाग को भूख लगने का संकेत देता है। दूसरा लेप्टिन (Leptin), जो पेट भरने का एहसास कराता है। जब नींद पूरी नहीं होती या सोने-जागने का समय बदलता है, तो इन हार्मोन का संतुलन प्रभावित हो सकता है। इससे बार-बार भूख लगने लगती है।
कम धूप से बदलती है खाने की इच्छा
सर्दियों में दिन छोटे होते हैं और धूप भी कम मिलती है। इसका असर शरीर की जैविक घड़ी पर पड़ सकता है। कम रोशनी के कारण सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे केमिकल प्रभावित होते हैं, जो मूड और नींद को नियंत्रित करते हैं। इसी वजह से कुछ लोगों को मीठा, चॉकलेट और ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला खाना खाने का मन करता है।
गर्मागर्म और तला-भुना खाना क्यों पसंद आता है?
ठंड में लोगों को गर्म और पेट भरने वाला खाना ज्यादा अच्छा लगता है। आलू के पराठे, पकौड़े, हलवा और तिल के लड्डू इसके आम उदाहरण हैं। हालांकि ठंड में शरीर को गर्म रखने के लिए थोड़ी ज्यादा एनर्जी खर्च हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर किसी को ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है।
कम एक्सरसाइज से बढ़ सकता है वजन
सर्दियों में ठंड के कारण लोग सुबह की सैर और एक्सरसाइज से बचने लगते हैं। ऐसे में शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं। दूसरी तरफ खाने की मात्रा बढ़ने से शरीर में ज्यादा कैलोरी जमा होने लगती है। लंबे समय तक ऐसा होने पर वजन बढ़ सकता है।
सर्दियों में वजन कंट्रोल करने के आसान तरीके
1. खाने में दाल, पनीर, अंडे और हरी सब्जियां शामिल करें।
2. फल और फाइबर वाली चीजें खाएं, ताकि पेट लंबे समय तक भरा रहे।
3. रोजाना योग, स्ट्रेचिंग या हल्की एक्सरसाइज जरूर करें।
4.ठंड में प्यास कम लगने पर भी पर्याप्त पानी पीते रहें।
5. मिठाई और तली-भुनी चीजें खाएं, लेकिन इनकी मात्रा सीमित रखें।
6. सोने, जागने और खाना खाने का समय नियमित रखें।
यदि सर्दियों में भूख बढ़ना सामान्य हो सकता है, लेकिन सही खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियों से वजन को आसानी से नियंत्रित रखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें: बिना Degree के भी मिलेगी AI में नौकरी! बस सीख लें ये Skills