September Me Bank Kab Band Rhega: अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो सितंबर में तारीख देखकर शाखा जाने की योजना बनाना बेहतर रहेगा। 11 सितंबर 2026 को बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है। इसके ठीक बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है।
ऐसे में कई जगह बैंक शाखाओं में लगातार छुट्टी जैसा माहौल बन सकता है। हालांकि 14 सितंबर की गणेश चतुर्थी की छुट्टी सभी राज्यों में एक जैसी नहीं है, इसलिए इसे पूरे देश में बैंक बंद रहने का दिन नहीं माना जा सकता।
11 सितंबर को क्यों प्रभावित हो सकता है बैंक का काम?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 11 सितंबर को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।इसका मतलब यह नहीं है कि देश की हर बैंक शाखा निश्चित रूप से बंद रहेगी। कई बैंकों ने कामकाज जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है। लेकिन अगर किसी शाखा के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं तो वहां ग्राहकों को कैश, चेक, पासबुक, बैंक ट्रांसफर या दूसरे ब्रांच संबंधी कामों में परेशानी हो सकती है।
SBI, PNB और UCO Bank ने क्या कहा?
हड़ताल को लेकर SBI, PNB, UCO Bank और Union Bank समेत कई बैंकों ने अपने ग्राहकों को संभावित असर की जानकारी दी है।पंजाब नेशनल बैंक ने कहा है कि उसे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के जरिए अलग-अलग बैंक यूनियनों के हड़ताल नोटिस की जानकारी मिली है। बैंक ने शाखाओं और कार्यालयों का काम सामान्य रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने की बात कही है।हालांकि बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं तो बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।UCO Bank ने भी हड़ताल के नोटिस का जिक्र करते हुए कहा है कि कामकाज जारी रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की भागीदारी का असर शाखाओं और कार्यालयों की सेवाओं पर पड़ सकता है।
बैंक यूनियन क्यों कर रही है हड़ताल?
बैंक कर्मचारियों की यूनियनों की कई मांगें हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है।इसके अलावा यूनियनें Performance Linked Incentive (PLI) में किए गए बदलावों का विरोध कर रही हैं। रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों के एक्स-ग्रेशिया भुगतान और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उनकी मांगों में शामिल हैं।यानी यह हड़ताल सिर्फ छुट्टी के मुद्दे पर नहीं है, बल्कि बैंक कर्मचारियों की सेवा शर्तों और सुविधाओं से जुड़े कई मामलों को लेकर प्रस्तावित है।
12 और 13 सितंबर को क्यों बंद रहेंगे बैंक?
11 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के अगले ही दिन 12 सितंबर को दूसरा शनिवार है। बैंकिंग नियमों के मुताबिक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखाओं में छुट्टी रहती है।इसके बाद 13 सितंबर को रविवार है। इसलिए सामान्य बैंकिंग कैलेंडर के हिसाब से 12 और 13 सितंबर को शाखाएं बंद रहेंगी।इस तरह 11 सितंबर की हड़ताल में अगर किसी शाखा के कर्मचारी शामिल होते हैं तो ग्राहकों को 11 से 13 सितंबर तक लगातार तीन दिन ब्रांच संबंधी काम प्रभावित होने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी की छुट्टी कहां होगी?
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है, लेकिन यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। गणेश चतुर्थी की बैंक छुट्टी पूरे देश में एक समान नहीं होती।कुछ राज्यों और शहरों में इस अवसर पर बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं, जबकि दूसरे क्षेत्रों में सामान्य कामकाज हो सकता है। इसलिए 14 सितंबर को बैंक जाने से पहले अपने बैंक की स्थानीय छुट्टी सूची जरूर देख लें।यही वजह है कि 11 से 14 सितंबर तक पूरे देश में लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे, ऐसा कहना सही नहीं होगा।