मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 1 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

पूर्वी भारत में बिजली-वज्रपात का अलर्ट

पूर्वी भारत में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने समुद्र के आसपास रहने वाले मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी बनी वजह

मौसम में इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी के आसपास बने मौसमी सिस्टम को अहम माना जा रहा है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बनने की स्थिति है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल

दिल्ली में आज मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, देवरिया, बहराइच, गोंडा, कानपुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, एटा, इटावा, फिरोजाबाद और कासगंज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

जानिए बिहार और झारखंड के हाल 

बिहार के पटना, गया, जहानाबाद, सिवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और मुंगेर में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में तापमान 33 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। झारखंड में 1 और 2 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। रांची, सिमडेगा, धनबाद, गिरिडीह, साहेबगंज, हजारीबाग, पलामू, जमशेदपुर, गुमला, गढ़वा और बोकारो में बारिश के साथ 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भी असर

उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है। देहरादून में तापमान 29 और 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कांगड़ा में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 12 डिग्री और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी, अनंतनाग, डोडा, सांबा और कठुआ में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

ये भी पढ़ें- अक्टूबर की शुरुआत में महंगाई का झटका! गैस सिलेंडर फिर हुआ महंगा

पश्चिम और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और बूंदी में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। जयपुर में तापमान 34 डिग्री अधिकतम और 22 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के देवास, होशंगाबाद, भोपाल, इंदौर, विदिशा, अशोकनगर, नीमच, उमरिया और छिंदवाड़ा में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, पंजाब, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के स्थानीय अलर्ट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।