अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सितंबर के बाद फिर बढ़े कमर्शियल सिलेंडर के दाम

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में सितंबर महीने में भी बढ़ोतरी की गई थी। उस दौरान सिलेंडर के दाम 9.50 रुपये बढ़ाए गए थे, जिसके बाद इसकी कीमत 2,747.50 रुपये हो गई थी। अब 1 अक्टूबर को 62.50 रुपये की नई बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,810 रुपये पहुंच गई है।

कीमतों में इस इजाफे का असर

कीमतों में इस इजाफे का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों पर पड़ सकता है। गैस पर होने वाला खर्च बढ़ने से कारोबारियों की लागत में भी इजाफा होगा। इसका असर भविष्य में चाय-नाश्ते से लेकर खाने-पीने की दूसरी चीजों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।

पटना में 71.50 रुपये महंगा हुआ सिलेंडर

पटना में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 71.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी से यहां भी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का खर्च बढ़ सकता है।

इसका असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ने की आशंका है। सुबह की चाय और नाश्ते से लेकर रात के खाने तक के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। वहीं, शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में कैटरिंग सेवाओं की लागत बढ़ने से उनके महंगे होने की संभावना है।