रक्षाबंधन से पहले राजधानी दिल्ली के मिठाई बाजार में महंगाई का असर दिखाने लगा है। चीनी की कीमतों में अचानक आए उछाल ने मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है। कुछ दुकानदारों ने बढ़ी लागत को देखते हुए मिठाइयों के दाम बढ़ा दिए हैं। जबकि कई कारोबारी त्योहारी सीजन में ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ डालने से बचने के लिए फिलहाल पुराने भाव पर ही बिक्री कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक चीनी के अलावा दूध, पनीर, मेवा, वनस्पति, घी और कमर्शियल गैस की बढ़ी कीमतों ने पहले से ही लागत पर दबाव बना रखा है।
चीनी की कीमत में तेज उछाल
मिठाई कारोबारियों के अनुसार कुछ समय पहले तक थोक बाजार में चीनी करीब 4,900 रुपये प्रति क्विंटल मिल रही थी। अब इसकी कीमत 6,600 रुपये से बढ़कर करीब 7,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। कम समय में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर मिठाइयों की उत्पादन लागत पर पड़ा है। यही वजह है कि बाजार में दुकानदारों के बीच कीमत बढ़ाने को लेकर अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है।
कई कारोबारियों ने रोके दाम
उत्तम नगर के एक बड़े थोक-खुदरा कारोबारी ने बताया कि चीनी की कीमत बढ़ने के बावजूद उनकी संस्था ने फिलहाल मिठाइयों के दाम नहीं बढ़ाए हैं। उनका कहना है कि ग्राहकों के साथ वर्षों से बने भरोसे और रक्षाबंधन की बिक्री को देखते हुए त्योहार के बीच कीमत बढ़ाना उचित नहीं होगा। इसी तरह बीकानेर मिठाई वाला के संचालक दिनेश अग्रवाल ने भी फिलहाल भाव स्थिर रखने की बात कही है।
हालांकि, पश्चिमी दिल्ली के कारोबारी साहिल ने बताया कि उनकी दुकान पर लगभग सभी मिठाइयों के दाम 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़ाने पड़े हैं। उनका कहना है कि उत्पादन स्तर पर ही मिठाइयां महंगी मिलने के कारण लागत का असर थोक और खुदरा ग्राहकों तक पहुंचाना मजबूरी है।
प्री-ऑर्डर में करीब 10 फीसदी गिरावट
कारोबारियों के मुताबिक इस बार रक्षाबंधन के प्री-ऑर्डर में करीब 10 प्रतिशत की कमी देखी जा रही है। सामान्य बिक्री को 100 प्रतिशत मानें तो मौजूदा कारोबार करीब 80 से 85 प्रतिशत के स्तर पर रहने का अनुमान है। काजू कतली, सूखी मिठाई, बर्फी और सोनपापड़ी की मांग बनी हुई है, लेकिन ग्राहक अब खरीदारी का बजट दोबारा तय कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: YouTube को टक्कर देने के लिए चीन का दांव, ग्लोबली लॉन्च हुआ Bilibili ऐप
कारोबारियों का कहना है कि जहां पहले 500 रुपये में जितनी मिठाई खरीदी जाती थी, उसी स्तर की खरीदारी के लिए अब करीब 650 से 700 रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। इसका असर ग्राहकों के साथ दुकानदारों के मुनाफे पर भी पड़ रहा है।
चॉकलेट गिफ्ट पैक भी विकल्प
बढ़ती मिठाई कीमतों के बीच कुछ ग्राहक रक्षाबंधन पर पारंपरिक मिठाइयों की जगह चॉकलेट गिफ्ट पैक भी चुन रहे हैं। कैडबरी सेलिब्रेशन्स, डेयरी मिल्क, किटकैट और फेरेरो रोशर जैसे पैक बाजार में विकल्प बनकर उभरे हैं। हालांकि, रक्षाबंधन पर मिठाई की पारंपरिक मांग अभी भी मजबूत है।