नई दिल्ली: देश की जानी-मानी मसाला कंपनी Everest Food Products एक बार फिर खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में है। ताजा मामले में Everest के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के एक बैच को ‘अनसेफ’ घोषित कर तत्काल रिकॉल के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की जांच में इस सैंपल में कीटनाशक अवशेष तय सीमा से अधिक पाए गए। 

रिपोर्ट के मुताबिक, गोवा के एक प्रतिष्ठान से Everest के जीरा पाउडर का सैंपल लिया गया था। फूड एनालिस्ट की जांच में इसमें Azoxystrobin और Thiamethoxam के अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए। इसके बाद सैंपल को ‘UNSAFE’ घोषित किया गया। कंपनी को अपील का मौका दिए जाने के बाद मामला रेफरल फूड लैबोरेटरी तक पहुंचा, जहां भी सैंपल को असुरक्षित पाया गया। इसके बाद संबंधित बैच को बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया। 

हींग को लेकर भी हो चुकी है कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब 2026 में Everest के मसालों पर नियामकीय कार्रवाई हुई है। अगस्त में FSSAI ने Everest की कम्पाउंडेड हींग की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश दिया था। जांच में कंपनी के कुछ हींग सैंपल तय गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे। लैब जांच में अल्कोहल-सॉल्युबल एक्सट्रैक्ट की मात्रा निर्धारित 5% के मुकाबले 0 से 3% के बीच पाई गई थी। FSSAI ने संबंधित उत्पादों के स्वैच्छिक रिकॉल की सलाह भी दी थी। 

इसके अलावा अगस्त की कार्रवाई में Everest के Egg Curry Masala, Chicken Masala और Garam Masala में भी मानकों से जुड़ी गैर-अनुपालन की बात सामने आई थी। 

2024 में भी विदेशी बाजारों में उठा था विवाद

Everest मसाले इससे पहले 2024 में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच और कार्रवाई के घेरे में आए थे। अप्रैल 2024 में हांगकांग ने Everest के Fish Curry Masala की बिक्री रोक दी थी, जबकि सिंगापुर ने इसी उत्पाद को रिकॉल करने का आदेश दिया था। उस समय संबंधित उत्पाद में Ethylene Oxide (ETO) की मात्रा को लेकर सवाल उठे थे। 

जून 2024 में राजस्थान में भी Everest के एक मसाला बैच के सैंपल को जांच में असुरक्षित बताया गया था। हालांकि Everest ने उस समय कहा था कि वह मसालों के निर्माण और पैकिंग के दौरान किसी तरह के कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं करती। 

वहीं, भारत सरकार की 2024 की जानकारी के अनुसार FSSAI ने Everest के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से 9 सैंपल लिए थे और उन 34 सैंपलों में ETO नहीं पाया गया था, जिनमें Everest के 9 सैंपल शामिल थे। 

यह भी पढ़ें: ECI मुख्यालय के बाहर बढ़ा तनाव, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की निर्वाचान सदन में घुसने की कोशिश