Delhi News: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया और उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों की झलक पेश की। धामी ने पीएम मोदी को राज्य की पारंपरिक और खास पहचान से जुड़ी कई सौगातें भेंट कीं। इनमें मलारी का हाथ से बुना पारंपरिक पट्टी कपड़ा, डोरखा (ऊनी वस्त्र), शुद्ध उत्तराखंडी शहद, बद्री घी, हर्षिल राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता के प्रतीक के रूप में मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, इस मुलाकात का उद्देश्य प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त करना था। धामी की ओर से भेंट किए गए स्थानीय उत्पादों के जरिए उत्तराखंड की परंपरा, संस्कृति और प्राकृतिक समृद्धि की झलक भी देखने को मिली।
लखनऊ में योगी आदित्यनाथ से भी मिले धामी
इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित संपत्तियों और परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर सिंचाई विभाग और अन्य विभागों से जुड़े मामलों के निपटारे के साथ पहले लिए गए फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
बैठक में धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा सिंचाई विभाग के तहत आने वाले पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत, मजबूतीकरण और जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण की मांग भी रखी। इनमें झनकइया पुल और सूखा पुल का मामला शामिल है।
स्थानीय लोगों और किसानों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री धामी ने इन परियोजनाओं को जनहित से जुड़ा अहम काम बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ संबंधित पुलों को मजबूत करना स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवागमन को सुगम बनाने और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर करने के लिए जरूरी है।
धामी के मुताबिक, इन कार्यों को तेजी से पूरा किए जाने से स्थानीय नागरिकों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना भी जरूरी है।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा दूसरे विभागों से जुड़े लंबित मामलों के बंटवारे, हस्तांतरण और निपटारे पर भी चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पहले से तय फैसलों को जमीन पर उतारने और आपसी समन्वय से लंबित मुद्दों को सुलझाने पर विचार-विमर्श किया।
और पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य पूरा, L&T ने सौंपी जिम्मेदारी; दिसंबर तक पूरा होगा बाकी काम