नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण संबंधों के बीच पाकिस्तान के क्लाइमेट चेंज और एनवायरनमेंटल कोऑर्डिनेशन के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक दिल्ली पहुंच गए हैं। वह 20 से 22 नवंबर 2026 तक देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइज़ेशन डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
PM मोदी आज दिल्ली में करेंगे SCO का उद्घाटन
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 20 नवंबर, 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना किला में 'शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद मंच के पहले संस्करण का उद्घाटन और इस अवसर पर वहां उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करेंगे। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाना है। इसके साथ ही लोगों के बीच संबंध मजबूत करना और एक-दूसरे की संस्कृतियों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है।
क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से SCO की बैठक महत्वपूर्ण
पाकिस्तान के डॉ. मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और पाकिस्तान के संबंधों में कई मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। ऐसे में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के इस मंच पर पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी को क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस फोरम में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) से जुड़े सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यतागत संवाद, सांस्कृतिक सहयोग और आपसी समझ जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
शंघाई सहयोग संगठन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सभ्यतागत संवाद
हालांकि, इस यात्रा के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच किसी द्विपक्षीय बैठक या औपचारिक बातचीत का कार्यक्रम है या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। SCO सिविलाइज़ेशन डायलॉग फोरम का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सभ्यतागत संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है। अब इस आयोजन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी पर नजर रहेगी।