गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान कल्याण बैसला के रूप में हुई है, जिसे गुरुग्राम पुलिस ने राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया। आरोपी की तलाश में पुलिस की एक टीम राजस्थान पहुंची थी। अब पुलिस उसे दौसा से गुरुग्राम लेकर आएगी, जहां उससे घटना को लेकर विस्तार से पूछताछ की जाएगी। यह मामला रविवार, 13 सितंबर की सुबह का है। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया और आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने घटना वाली जगह के अलावा आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। वायरल वीडियो और CCTV फुटेज को आपस में मिलाकर घटना की कड़ियां जोड़ी गईं। जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109 भी शामिल की, जो हत्या के प्रयास से संबंधित है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और दौसा में कल्याण बैसला को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उससे यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर उसने महिला बाइक राइडर को टक्कर क्यों मारी और घटना के बाद वह मौके से क्यों चला गया।
बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी घटना
पीड़ित महिला की पहचान सिया के तौर पर हुई है, जो स्पोर्ट्स बाइक राइडर हैं। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड पर निकली थीं। इसी दौरान गोल्फ कोर्स रोड पर कार सवार युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि सिया के नहीं रुकने पर कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना उनकी बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में कैद हो गई थी। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
आरोपी से पूछताछ के बाद सामने आएगी पूरी वजह
आरोपी के हिरासत में आने के बाद पुलिस अब घटना की वजह, टक्कर मारने से पहले की परिस्थितियों और वारदात के बाद उसके मौके से निकलने के बारे में जानकारी जुटाएगी। पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी रखे हुए है।