Hardik pandya: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वापसी का इंतजार हर कोई कर रहा है, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। इसके चलते उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहना पड़ेगा।
भारत के घरेलू टी20 टूर्नामेंट 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' के लिए बड़ौदा ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, लेकिन इस लिस्ट में हार्दिक पंड्या का नाम दूर-दूर तक शामिल नहीं था। इससे माना जा रहा है कि पंड्या अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं पाए हैं और यही वजह है कि उनको घरेलू टीम में स्थान नहीं मिला।
क्रुणाल पंड्या को बनाया कप्तान
आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बड़ौदा ने हार्दिक पंड्या के बड़े भाई क्रुणाल पांड्या को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं, हार्दिक ने आखिरी बार 24 मई को आईपीएल 2026 के एक मैच में मुंबई इंडियंस के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था।
इस ऑलराउंडर को शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ अक्टूबर की सीरीज के लिए 'इंडिया ‘ए' की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन पैर की नई चोट के कारण उन्हें अपना नाम वापस लेना पड़ा। ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार, हार्दिक को पूरी तरह से दर्द से राहत नहीं मिल पाई है।
CoE में हार्दिक ने बताया लंबा समय
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 खत्म होने के बाद से, हार्दिक ने बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) में काफी समय बिताया है।
यहां वे अपनी फिटनेस से जुड़ी कई समस्याओं से उबर रहे हैं, जिनमें आईपीएल के दौरान हुई पीठ की जकड़न (बैक स्पैज्म) और उसके बाद पैर में खिंचाव (लेग स्ट्रेन) जैसी दिक्कतें शामिल हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 फाइनल में खेला था।
अगले साल होना है वर्ल्ड कप
अगले साल अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए, भारत चाहेगा कि उनका स्टार ऑलराउंडर जल्द से जल्द टीम में वापस आ जाए। हार्दिक की वापसी बहुत महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि टीम इस बड़े टूर्नामेंट से पहले सही कॉम्बिनेशन बनाने और अपनी तैयारियों को बेहतर करने की कोशिश कर रही है।
आपको बता दें कि, अगर हार्दिक वनडे विश्व कप 2027 में खेलने के लिए फिट नहीं होते हैं तो यह टीम इंडिया के लिए काफी बड़ा झटका होगा, क्योंकि हार्दिक न सिर्फ कप्तान को स्पेल के 10 किफायती ओवर देते हैं, बल्कि फिनिशर की भूमिका भी बखूबी निभा सकते हैं और यही चीज उनको खास बनाती है।
ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने 7 रन बनाते ही रचा इतिहास, रिकी पोंटिंग को छोड़ा पीछे, बने नंबर-1