Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर स्थित सीकरी गांव में दिन बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन इमारत का लेंटर (कंक्रीट स्लैब) अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मौके पर 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने मलबे में फंसे पांच लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

लेंटर गिरने की वजह की होगी जांच
घटनास्थल पर पहुंचे मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लेंटर डालने के लिए कैप्सूल का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस दौरान शटरिंग खिसकी थी या हादसे की कोई दूसरी वजह थी, इसकी जांच की जाएगी।

विधायक ने कहा कि मजदूर दिवाली के दिन भी अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लेंटर गिर गया और मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ पूरा, अब कोई नहीं फंसा
डीसीपी (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, NDRF और SDRF को तत्काल मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो चुका है और अब मलबे में कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
गाजियाबाद के मोदीनगर में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतक मजदूर के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ ही मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

और पढ़ें:  तेल भंडार हादसे पर मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सख्त, घायलों को बेहतर इलाज के दिए निर्देश