कोच्चि। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को वोटर आईडी से जोड़ने की खबरों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाया जाता है तो उसे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना भी बंद हो सकता है। यह देश के गरीबों और युवाओं के अधिकारों पर सीधा हमला है।
'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान
कोच्चि में पत्रकारों से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सभी राज्यों में पंचायत स्तर पर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान चला रही है।
यह प्रस्ताव को चुनावी अधिकारों के लिए खतरा
यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने वोटर आईडी को सरकारी योजनाओं के लाभ से जोड़ने के प्रस्ताव को चुनावी अधिकारों के लिए खतरा बताया था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर मतदाता सूची से सरकार के आलोचकों और विरोधियों के नाम हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नई व्यवस्था के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ आधार कार्ड के बजाय वोटर आईडी के आधार पर तय करने की तैयारी है, जिससे नागरिकों के मूल अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार: जातिवाद पर विजय सिन्हा का बयान, 1 दिसंबर से बिजली सब्सिडी अभियान