कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने विदेश यात्रा पर लगी रोक के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, उन्होंने इस मामले में जल्द सुनवाई की मांग की थी, उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि सौरव की फ्लाइट कल शाम की है, इसलिए मामले पर आज ही सुनवाई जरूरी है। हालांकि, एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन सांब्रे ने कहा कि इस मामले की सुनवाई अब कल की जाएगी।

दरअसल, 23 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सौरव दास को लंदन जाने वाली फ्लाइट में बैठने से रोक दिया गया था। बताया जा रहा है कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) की ओर से जारी शो-कॉज नोटिस के बाद यह कदम उठाया गया। पासपोर्ट अधिकारियों ने उन्हें निर्देश दिया है कि जांच पूरी होने तक वे अपने मौजूदा पासपोर्ट के जरिए विदेश यात्रा न करें।

आखिर क्यों रोकी गई सौरव दास की विदेश यात्रा?

चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने सौरव दास के पासपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों की दोबारा जांच शुरू की है। अधिकारियों को उनके आधार कार्ड, पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र में जन्म से जुड़ी जानकारियों को लेकर अंतर नजर आया है।

सौरव के पासपोर्ट में उनका जन्मस्थान चेन्नई लिखा हुआ है। यह पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को जारी किया गया था। अब पासपोर्ट विभाग यह पता लगा रहा है कि पासपोर्ट बनवाते समय दी गई जानकारी सही थी या नहीं। इसी जांच के चलते फिलहाल उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगाई गई है।

ये भी पढ़ें- अमेरिका में साइबर हमलों से बढ़ी चिंता, CIA से लेकर NSA तक के सिस्टम पर उठे सवाल

सौरव दास ने सरकार पर लगाए आरोप

सौरव दास का कहना है कि उन्हें कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से जुड़े होने की वजह से विदेश जाने से रोका गया है, उन्होंने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पहुंचने के बाद मिली, उनके मुताबिक, फ्लाइट रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही उन्हें इस संबंध में नोटिस दिया गया था। इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए सौरव ने सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार नहीं होने दिया गया।

सौरव के मुताबिक, उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग जैसे बड़े विश्वविद्यालयों में कॉकरोच मूवमेंट के बारे में बोलने के लिए बुलाया गया था। इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए भारतीय छात्रों ने काफी मेहनत की थी, उनका आरोप है कि सरकार ने जानबूझकर उनकी यात्रा में बाधा डाली और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की।