चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में महिला जिला कलेक्टर के साथ कथित उत्पीड़न का मामला गरमा गया है। DMK के उप महासचिव और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सामने आए यौन अपराधों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले कथित तौर पर सत्ताधारी TVK से जुड़े लोगों के हैं।
उदयनिधि स्टालिन ने सी.जोसेफ विजय को कहा- 'डमी मुख्यमंत्री'
दरअसल, DMK के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विशेष रूप से कल्लाकुरिची के TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश और महिला जिला कलेक्टर से जुड़े मामले को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने कलेक्टर को अश्लील संदेश भेजे और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए उन्हें 'डमी मुख्यमंत्री' कहा और आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले में मूकदर्शक बनी हुई है।
MLA ने कलेक्टर को कई बार भेजे अश्लील संदेश
इस संदर्भ में स्टालिन ने कहा कि ये कोई आम पार्टी कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि जिला सचिवों और विधायकों जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग हैं। उन्होंने कहा कि कल्लाकुरिची के विधायक ने जिला कलेक्टर को कई बार अश्लील संदेश भेजे हैं। स्टालिन ने आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। असल में, भारत के इतिहास में भी ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई विधायक नशे की हालत में जिला कलेक्टर के घर जाए और उन्हें धमकाए।
सत्ता में छह महीने 'हनीमून पीरियड' होते हैं: स्टालिन
इसे लेकर उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि आमतौर पर कहा जाता है कि सत्ता में आने के बाद, पहले छह महीने 'हनीमून पीरियड' होते हैं, जिस दौरान सरकार से बहुत ज्यादा सवाल नहीं पूछे जाते। लेकिन ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री, मौजूदा मंत्रियों और विधायकों ने इस 'हनीमून पीरियड' को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है।
स्टालिन ने मुख्य सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि इस मामले में जिला कलेक्टर ने मुख्य सचिव के पास शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय, मुख्य सचिव ने कथित तौर पर कलेक्टर को सलाह दी कि वे किसी दूसरे जिले में अपना ट्रांसफर करवा लें। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच, 'डमी' मुख्यमंत्री बस एक दर्शक की तरह सब कुछ होते हुए देख रहे हैं। स्टालिन ने कहा कि हमने DGP के पास शिकायत दर्ज कराई है और मुख्य सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि उन्होंने शिकायत पर कोई कदम नहीं उठाया और मामले को दबाने की कोशिश की।