अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के साइबर नेटवर्क में सेंधमारी का मामला सामने आया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हैकर्स ने CIA और ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) से जुड़े एक सिस्टम को निशाना बनाया। हालांकि, इस सिस्टम में कोई गोपनीय जानकारी मौजूद नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में किसी सीक्रेट जानकारी को नुकसान नहीं पहुंचा है और साइबर हमले से जुड़ी समस्या को ठीक कर लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने CIA के उस सिस्टम पर हमला किया, जिसमें ओपन सोर्स के जरिए इकट्ठा की गई जानकारियां रखी जाती थीं। इस तरह की जानकारी इंटरनेट, कमर्शियल सैटेलाइट और निजी डेटा कंपनियों से जुटाई जाती है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इस हमले में कौन-सा डेटा प्रभावित हुआ और इसके पीछे किसका हाथ था।
लगातार सामने आ रही साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं
अमेरिका में पिछले कुछ समय से साइबर सुरक्षा और तकनीकी सिस्टम में गड़बड़ी की कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले हफ्ते नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का एक इंटरनल नेटवर्क भी कुछ समय के लिए बंद हो गया था। इस नेटवर्क का इस्तेमाल संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा FBI भी अपने ही सिस्टम में संभावित हैकिंग की जांच कर रही है।
इससे पहले अमेरिका में हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ था। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को पायलटों से संपर्क करने में परेशानी हुई, जिसके बाद कई उड़ानों को रोकना पड़ा। वहीं, इसी महीने Apple, JPMorgan Chase और Microsoft के सिस्टम में भी तकनीकी रुकावटें आई थीं।
इन घटनाओं ने अमेरिका के जरूरी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंकिंग, हवाई यातायात और रोजमर्रा की डिजिटल सेवाएं अब तकनीक पर काफी हद तक निर्भर हैं। ऐसे में इन सिस्टम में छोटी सी गड़बड़ी भी बड़े स्तर पर लोगों को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन का कहना है कि इन घटनाओं के पीछे किसी बड़े और सुनियोजित साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं।
नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर ने क्या बताया?
नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर जे क्लेटन ने रविवार को कहा कि हाल के दिनों में सामने आई तकनीकी समस्याओं की एक बड़ी वजह सिस्टम को जल्दबाजी में अपडेट और अपग्रेड करना है।
उनके मुताबिक, ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि अमेरिकी एजेंसियां उन हैकर्स से आगे रह सकें, जो अब बेहद एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच अमेरिका के सामने अपने खुफिया नेटवर्क और जरूरी डिजिटल सेवाओं को सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती है।