नई दिल्ली: दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक आने वाली और वहां से रवाना होने वाली निर्धारित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इस फैसले का असर बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर भी पड़ सकता है।

राजधानी, संपूर्ण क्रांति और मगध एक्सप्रेस भी रद्द

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस और यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। 

इन प्रमुख ट्रेनों के यात्रियों को परेशानी

* 12301: हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
* 12313: सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
* 12309: राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस
* 12393: संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस
* 20801: मगध एक्सप्रेस
* 22361: राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
* 12559: बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस
* 12581: बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस
* 12877: रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस
* 12275: प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस
* 12451: श्रमशक्ति एक्सप्रेस
* 12447: यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस

यह प्रमुख ट्रेनों की सूची है। अलग-अलग रेलवे जोन की ओर से जारी अपडेट के अनुसार अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं। 

प्रदर्शन की वजह से रेलवे ने क्यों लिया फैसला?

10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन प्रस्तावित है। प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है। इसे देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। रेलवे के अनुसार, खुफिया सूचनाओं और ट्रैफिक एडवाइजरी में नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी सड़क जाम की आशंका जताई गई है।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने या वहां से आगे जाने में परेशानी न हो, इसलिए पहले से यह फैसला लिया गया है। इससे पहले भी दिल्ली में ट्रैफिक बाधित होने के कारण यात्रियों को अपनी ट्रेन पकड़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। 

घर से निकलने से पहले चेक करें ट्रेन का स्टेटस

रेलवे यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। इसके लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का इस्तेमाल किया जा सकता है। जिन यात्रियों की ट्रेन रद्द हुई है, उन्हें टिकट रिफंड और वैकल्पिक यात्रा से जुड़ी जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से लेनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: ‘BJP सिर्फ आर्थिक आतंकवाद लागू करती है’, खड़गे का मोदी सरकार पर हमला, पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप