Rahul Gandhi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। राहुल गांधी चेन्नई में आयोजित होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां वह छात्रों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।

‘छात्रों की गूंज’ के लिए एक लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन क्यूआर कोड के जरिए एक लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल क्यूआर कोड के जरिए पंजीकरण कराने वाले चयनित छात्रों को ही दिया जाएगा। इसके लिए चयन से जुड़े अतिरिक्त मानदंड भी तय किए गए हैं।

देशभर में छात्रों से संवाद कर रहे राहुल गांधी

चेन्नई में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान का छठा चरण है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून 2026 को राजस्थान के कोटा से हुई थी। इसके बाद राहुल गांधी ने उत्तराखंड के देहरादून, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और मध्य प्रदेश के इंदौर में छात्रों से संवाद किया। अब यह अभियान तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई पहुंचा है।

परीक्षा, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर फोकस

कांग्रेस के इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इसमें परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत, भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

चेन्नई में होने वाले कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों से इन मुद्दों पर बातचीत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होने की जानकारी कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने दी है।

यह भी पढ़ें: फ्लाईदुबई विमान में भारतीय पायलट पर हमले की जांच करेगी NIA, बड़ी साजिश की जताई आशंका