CJP Protest News: दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके पार्टी नेताओं ने अब जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने की मांग उठाई है। सोमवार को सौरव दास, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह समेत CJP के नेता पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने वाले हैं। पार्टी ने दिल्ली पुलिस से 24 घंटे के भीतर प्रदर्शन की तारीख और जगह तय करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर वह खुद नए प्रदर्शन का ऐलान करेगी।
24 घंटे का अल्टीमेटम, CJP ने दिल्ली पुलिस से क्या कहा?
CJP नेता आशुतोष रांका ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे वह सौरव दास, रत्ना सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे। उनका उद्देश्य जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख हासिल करना है। रांका ने कहा कि दिल्ली पुलिस 24 घंटे के भीतर प्रदर्शन की तारीख दे सकती है, अन्यथा पार्टी खुद अगले प्रदर्शन का आह्वान करेगी। इस बयान के बाद दिल्ली में CJP के आंदोलन को लेकर एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।
हमने कोई बॉन्ड नहीं भरा कि प्रदर्शन नहीं करेंगे
CJP कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने भी साफ कर दिया है कि वह विरोध प्रदर्शन जारी रखने के अपने इरादे से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने शनिवार को X पर पोस्ट करते हुए कहा कि व्यक्तिगत त्रासदी और राजनीतिक दबाव उनके आंदोलन को रोक नहीं पाएंगे। दिपके ने लिखा, “हमने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें कहा गया हो कि हम प्रदर्शन नहीं करेंगे। हम फिर सड़कों पर उतरेंगे।”
उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी के कार्यकर्ता आगे भी सार्वजनिक प्रदर्शन जारी रखने की तैयारी में हैं।
Tomorrow at 10AM, me, @SauravDassss, @whattalawyer and other CJP leaders will go to Parliamentary Street Police Station to get a date for a peaceful protest at Jantar Mantar. @DelhiPolice can give us a date for Jantar Mantar in 24 hours, or we will give another protest call ourselves. @Cockroachisback
— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) October 11, 2026
हिरासत में लिए गए थे CJP के तीन नेता, अदालत ने दिया था रिहाई का आदेश
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने CJP नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को एहतियातन हिरासत में लिया था। बाद में दिल्ली के कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने तीनों को रिहा करने का आदेश दिया। उनके वकील के मुताबिक, रिहाई की शर्त के तौर पर तीनों नेताओं को अगले एक साल तक ऐसी किसी गतिविधि में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया गया है, जिससे शांति और सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने की आशंका हो।
अब पार्टी के नेता जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में आगे की रणनीति और दिल्ली पुलिस का रुख महत्वपूर्ण होगा।
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की तैयारी, INDIA ब्लॉक भी करेगा प्रदर्शन
इसी बीच, INDIA ब्लॉक सोमवार को चुनावी अनियमितताओं के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालने वाला है। गठबंधन ने देशभर के नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। एक तरफ CJP जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ INDIA ब्लॉक चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध मार्च की तैयारी में है। इससे राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
अब सवाल यह है कि दिल्ली पुलिस CJP को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तारीख देती है या पार्टी अपने अगले आंदोलन का ऐलान करती है। आने वाले घंटों में इस मामले पर होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।
और पढ़ें: