नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सीआईएसएफ ने उनकी जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा में अतिरिक्त रिजर्व कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है।

आवास, कार्यालय और व्यक्तिगत सुरक्षा में अतिरिक्त कर्मी तैनात

यह अतिरिक्त तैनाती 7 अक्टूबर से बढ़ाई गई है। दिल्ली के न्यू मोती बाग कॉलोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के आवास, चुनाव आयोग के कार्यालय और उनके व्यक्तिगत सुरक्षा इंतजामों के तहत अतिरिक्त सीआईएसएफ कर्मियों को तैनात किया गया है।

हालात और खतरे के आकलन को देखते हुए रिजर्व बल में बढ़ोतरी

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह जेड प्लस सुरक्षा श्रेणी में अपग्रेड नहीं है। ज्ञानेश कुमार को पहले से ही जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि मौजूदा हालात और खतरे के आकलन को देखते हुए रिजर्व बल को जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग 

बता दें कि एसआईआर को लेकर इंडिया ब्लॉक देशभर में प्रदर्शन कर रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह भी पढ़ें: राजघाट मार्च से पहले विपक्ष का प्रदर्शन तेज, कहा- ‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा’